मानसून हुआ फिर सक्रिय, देहरादून-नैनीताल-बागेश्वर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

देहरादून : उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार के लिए राज्य के 3 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 8 जिलों में तेज बारिश और गरज के साथ बौछारों का येलो अलर्ट है।
कहां कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश हो सकती है।
टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
हरिद्वार में बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
रविवार का हाल
राजधानी देहरादून में रविवार को दिनभर उमस और धूप रही। अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ जो सामान्य से 2.5 डिग्री ज्यादा था। शाम को कई इलाकों में तेज बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
वहीं हरिद्वार में पारा चढ़ गया। आईआईटी कृषि मौसम वेधशाला के अनुसार धर्मनगरी का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार के मुकाबले अधिकतम तापमान 3.6 डिग्री बढ़ा।
चमियाला बाजार में हादसा टला
भिलंगना क्षेत्र में लगातार बारिश से पहाड़ कमजोर हो गए हैं। शनिवार रात चमियाला बाजार के ऊपर से विशाल बोल्डर लुढ़ककर नीचे आ गए। पूर्व सभासद शिवेंद्र रतूड़ी की दुकान की छत पूरी तरह टूट गई और कई दुकानों के शटर क्षतिग्रस्त हो गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसा रात में हुआ इसलिए बड़ा नुकसान टल गया। अगर यह दिन में होता तो जनहानि भी हो सकती थी। व्यापारियों को लाखों का नुकसान हुआ है।
प्रशासन अलर्ट पर
मौसम विभाग ने पहाड़ी जिलों में भूस्खलन और नदी-नालों में उफान की चेतावनी दी है। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे न जाने और यात्रा से पहले मौसम की जानकारी लेने की अपील की है।




