उत्तराखण्डदेहरादून

2047 के विकसित भारत लक्ष्य को रफ्तार, सीएम धामी ने ₹6,940 करोड़ की 12 प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा

देहरादून: उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में योगदान देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में आयोजित बैठक में प्रगति पोर्टल के माध्यम से राज्य की प्रमुख अवसंरचना एवं विकास परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में परिवहन, ऊर्जा, लोक निर्माण, राष्ट्रीय राजमार्ग, सीमा सड़क संगठन समेत विभिन्न विभागों की कुल 6,940 करोड़ रुपये लागत की 12 महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया।

 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास परियोजनाओं में तेजी लाने के लिए मुख्यमंत्री स्तर पर प्रत्येक माह और मुख्य सचिव स्तर पर हर 10 दिन में समीक्षा की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परियोजनाओं में अनावश्यक देरी होने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।

 

15 अक्टूबर तक पूरे हों 50 प्रतिशत से अधिक प्रगति वाले कार्य

 

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं का 50 प्रतिशत या उससे अधिक कार्य पूरा हो चुका है, उन्हें 15 अक्टूबर 2026 तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता सभी विकास परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर पूरा करना है।

 

लंबित मामलों के जल्द निस्तारण के निर्देश

 

सीएम धामी ने भूमि हस्तांतरण, वन स्वीकृति, भूमि अधिग्रहण, क्षतिपूर्ति भुगतान और अन्य प्रशासनिक कारणों से लंबित परियोजनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर इन बाधाओं को जल्द दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही जिलाधिकारियों को जिला स्तर पर लंबित मामलों की व्यक्तिगत निगरानी कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

 

इन प्रमुख परियोजनाओं की हुई समीक्षा

 

बैठक में रामनगर आईएसबीटी, रानीखेत बस टर्मिनल, ताड़ीखेत डिपो एवं कार्यशाला, बनबसा और रुद्रप्रयाग विद्युत उपकेंद्र, चारधाम सड़क परियोजनाएं, अस्कोट-लिपुलेख मार्ग, माणा पास सड़क परियोजना तथा हरिद्वार और काशीपुर क्षेत्र की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

 

पर्यटन, रोजगार और निवेश को मिलेगा बढ़ावा

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा, सीमांत क्षेत्रों की सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाएं, विद्युत अवसंरचना और परिवहन सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं राज्य के समग्र विकास के लिए बेहद अहम हैं। इन परियोजनाओं के समय पर पूरा होने से पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।

 

नियमित मॉनिटरिंग पर जोर

 

सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक परियोजना के लिए स्पष्ट उत्तरदायित्व तय किया जाए और उसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए। जिन परियोजनाओं की प्रगति अपेक्षित स्तर से कम है, उनके लिए विशेष कार्ययोजना तैयार कर तेजी से काम पूरा कराया जाए।

 

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गति बनाए रखना राज्य सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभागों को जवाबदेही के साथ काम करना होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button