दिनदहाड़े 14 लाख रुपये की लूट का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; चार की तलाश जारी

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में इंद्रेश अस्पताल के पास दिनदहाड़े हुई 14 लाख रुपये की लूट की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर सक्रिय हुई पटेलनगर पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूटी गई रकम में से डेढ़ लाख रुपये बरामद किए गए हैं। हालांकि, लूट की पूरी रकम अभी बरामद नहीं हुई है और वारदात में शामिल चार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, 7 नवंबर 2026 को राजेश कुमार सोनी भूमि के सौदे के सिलसिले में 14 लाख रुपये नकद लेकर अपने साथियों के साथ वाहन से जा रहे थे। इसी दौरान इंद्रेश अस्पताल के पास पीछे से एक्टिवा और बाइक पर सवार चार-पांच युवकों ने उनका वाहन घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने वाहन सवार लोगों के साथ मारपीट की और पिछली सीट पर रखा 14 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र से मिली मदद
दिनदहाड़े हुई लूट की घटना के बाद एसएसपी देहरादून ने पुलिस को जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे। इसके बाद पटेलनगर पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को वारदात में शामिल आरोपियों के संबंध में अहम जानकारी मिली।
परिचित से मिली नकदी की जानकारी, बनाई लूट की योजना
पुलिस के अनुसार, लूट की साजिश में पीड़ित के परिचित दिनेश तिवारी से जुड़े लोगों की भूमिका सामने आई है। आरोपियों को पहले से जानकारी थी कि दिनेश तिवारी भूमि के सौदे के सिलसिले में भारी नकदी लेकर कुछ लोगों से मिलने जा रहा है। इसी जानकारी के आधार पर आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
तीन गिरफ्तार, चार अन्य की तलाश
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से लूटी गई रकम में से 1 लाख 50 हजार रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, वारदात में चार अन्य आरोपी भी शामिल थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
फिलहाल पुलिस के सामने लूटी गई शेष रकम बरामद करने और फरार चार आरोपियों को गिरफ्तार करने की चुनौती है।




