नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के भारत दौरे पर उत्तराखंड की नजर, पंचेश्वर डैम और पर्यटन पर होगी चर्चा

देहरादून। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह (बालेंद्र) का 22 नवंबर को प्रस्तावित भारत दौरा उत्तराखंड के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरे को लेकर प्रदेश में तैयारियां तेज हो गई हैं। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के अनुसार, नेपाल के प्रधानमंत्री के साथ पंचेश्वर बहुउद्देशीय डैम परियोजना, भारत-नेपाल सीमा से जुड़े मुद्दों और महेंद्रनगर में प्रस्तावित ड्राई पोर्ट को लेकर चर्चा हो सकती है। उनके साथ नेपाल के पर्यटन मंत्री भी भारत दौरे पर आएंगे। ऐसे में दोनों देशों के बीच धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के मुद्दे पर भी बातचीत की संभावना है।
पंचेश्वर डैम परियोजना पर होगी चर्चा
सतपाल महाराज ने बताया कि नेपाल के प्रधानमंत्री के साथ पंचेश्वर डैम परियोजना को लेकर बातचीत की जाएगी। यह परियोजना लंबे समय से भारत और नेपाल के बीच सहयोग का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है। हालांकि, लागत, जल संसाधनों और दोनों देशों के बीच लाभ साझा करने जैसे मुद्दों के कारण परियोजना को अपेक्षित गति नहीं मिल पाई है।
पंचेश्वर परियोजना के आगे बढ़ने से शारदा नदी क्षेत्र में बिजली उत्पादन, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण की संभावनाओं को बल मिल सकता है। भारत और नेपाल के बीच जल संसाधन, बिजली उत्पादन और कनेक्टिविटी से जुड़ी परियोजनाओं को आपसी सहयोग का अहम हिस्सा माना जाता है।
सीमा और महेंद्रनगर ड्राई पोर्ट पर भी बात
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि नेपाल से लगी भारत की सीमा से जुड़ी समस्याओं और महेंद्रनगर में प्रस्तावित ड्राई पोर्ट को लेकर भी चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच इन विषयों पर बातचीत से आपसी सहयोग को आगे बढ़ाने का रास्ता तैयार हो सकता है।
पूर्णागिरि-सिद्धबाबा धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
नेपाल के पर्यटन मंत्री के दौरे को देखते हुए उत्तराखंड सरकार तराई क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के मुद्दे को भी बातचीत में शामिल करना चाहती है। सतपाल महाराज ने बताया कि पूर्णागिरि माता के यहां एलिवेटेड ट्रैक का निर्माण भी हो रहा है। मान्यता है कि नेपाल स्थित सिद्धबाबा मंदिर के दर्शन के बिना मां पूर्णागिरि की यात्रा अधूरी मानी जाती है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार नेपाल के साथ मिलकर इस धार्मिक पर्यटन सर्किट को विकसित करना चाहती है, ताकि दोनों देशों के श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
कॉर्बेट और चितवन पार्क के बीच पर्यटन सहयोग की पहल
सतपाल महाराज ने उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क और नेपाल के चितवन नेशनल पार्क के बीच भी पर्यटन संबंधों को मजबूत करने की संभावनाएं जताईं। उनका कहना है कि दोनों देशों के इन प्रमुख पर्यटन स्थलों के बीच आपसी सहयोग बढ़ने से पर्यटन गतिविधियों को लाभ मिल सकता है।
महाराज ने कहा कि नेपाल के प्रधानमंत्री बातचीत और आपसी मुलाकात के लिए भारत आ रहे हैं। दोनों देशों के बीच संवाद से सद्भावना और सौहार्द को बढ़ावा मिलेगा।



