शीतकाल में कहां विराजेंगे बदरी-केदार और मां गंगा-यमुना? जानिए दर्शन की तारीख और स्थान

देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। चारों धामों के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद प्रदेश में शीतकालीन चारधाम यात्रा शुरू हो जाएगी। पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज के अनुसार, शीतकालीन चारधाम यात्रा की शुरुआत 12 नवंबर से होगी। इसके लिए शीतकालीन गद्दीस्थलों पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सरकार का उद्देश्य शीतकालीन यात्रा के माध्यम से प्रदेश में सालभर पर्यटन गतिविधियों को जारी रखना है।
इसी क्रम में 10 नवंबर को अन्नकूट पर्व और गोवर्धन पूजा के अवसर पर उत्तरकाशी जिले में स्थित गंगोत्री धाम के कपाट दोपहर 12:05 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। अब 11 नवंबर को यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए बंद होंगे। इसके बाद 16 नवंबर को बदरीनाथ धाम के कपाट बंद किए जाएंगे।
इन शीतकालीन स्थलों पर होंगे चारों धाम के दर्शन
कपाट बंद होने के बाद श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन और पूजा मुखबा में कर सकेंगे। मां यमुना की पूजा उनके शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली में होगी। बाबा केदारनाथ की पूजा ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में की जाएगी। वहीं, भगवान बदरी विशाल के दर्शन पांडुकेश्वर स्थित योगध्यान बदरी मंदिर और जोशीमठ स्थित नृसिंह मंदिर में किए जा सकेंगे।
सरकार इन शीतकालीन गद्दीस्थलों पर सुविधाओं का विकास कर रही है। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्रों को भी पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि सर्दियों में भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही बनी रहे।
चारधाम में अब तक 60.50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
उत्तराखंड पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 9 नवंबर तक चारों धामों में कुल 60,50,312 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इनमें गंगोत्री धाम में 10,06,463, यमुनोत्री धाम में 8,84,289, केदारनाथ धाम में 19,13,815 और बदरीनाथ धाम में 22,45,745 श्रद्धालु शामिल हैं।
चारधाम यात्रा के अंतिम चरण में भी श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है। इस सीजन में अब तक बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों के पहुंचने को सरकार यात्रा की सफलता के रूप में देख रही है।
12 महीने पर्यटन को बढ़ावा देने की तैयारी
धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि इस सीजन में चारधाम यात्रा अच्छी रही है और अब तक 60,50,312 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि कपाट बंद होने के बाद शीतकालीन यात्रा संचालित होगी। इसके लिए शीतकालीन प्रवास स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में शीतकालीन चारधाम यात्रा का प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इन स्थलों तक पहुंचें। सरकार की कोशिश है कि चारधाम के कपाट बंद होने के बाद भी उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन की गतिविधियां जारी रहें और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिल सकें।




