उत्तराखण्ड

अमेजन गोदाम बना मौत का जाल, आग में झुलसकर दो कर्मचारियों की मौत

हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। रामपुर रोड स्थित अमेजन के गोदाम में भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। दोनों कर्मचारी घटना के समय गोदाम के अंदर सो रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

 

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 12:50 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि रामपुर रोड स्थित शीतल होटल के सामने बने अमेजन गोदाम से आग की ऊंची लपटें उठ रही हैं। सूचना मिलते ही थाना हल्द्वानी पुलिस और फायर सर्विस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग ने देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। दमकल कर्मियों और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोका और काफी प्रयासों के बाद उस पर पूरी तरह काबू पाया।

 

आग बुझने के बाद जब टीम ने गोदाम के भीतर सर्च ऑपरेशन चलाया तो वहां दो कर्मचारी गंभीर रूप से झुलसी हुई अवस्था में मिले। अत्यधिक धुएं और आग की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

 

मृतकों की पहचान 35 वर्षीय नरेन्द्र प्रसाद पुत्र सदी राम निवासी बागजाला, गौलापार और 25 वर्षीय अमित आर्य पुत्र प्रताप राम निवासी पंचायत घर के पास, रामपुर रोड, हल्द्वानी के रूप में हुई है।

 

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शनिवार सुबह दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

 

कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। वहीं एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

 

इस हादसे में गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान भी जलकर राख हो गया। पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटे हुए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button