उत्तराखण्ड

दून में दीपावली पर पटाखों का कहर, अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे 630 मरीज, पटाखों से झुलसे 40 लोग

देहरादून। दीपावली के दौरान आतिशबाजी और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए दून मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं अलर्ट मोड पर रहीं। त्योहार के दौरान पिछले 24 घंटों में अस्पताल की इमरजेंसी में करीब 630 मरीज पहुंचे। इनमें से 90 मामले सीधे तौर पर दीपावली से संबंधित थे। पटाखों से झुलसने के 40 मामले सामने आए, जबकि 11 लोग सड़क दुर्घटनाओं में घायल होकर अस्पताल पहुंचे। राहत की बात यह रही कि किसी भी मरीज की स्थिति गंभीर नहीं थी।

दून अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) डॉ. आरएस बिष्ट ने बताया कि पटाखों से झुलसने वाले 40 मरीजों में 38 के हाथ और दो के चेहरे प्रभावित हुए। अधिकांश हादसे अनार जलाते समय हुए। अनार से निकलने वाली चिंगारियों और अचानक तेज फुहार के कारण लोगों के हाथ झुलस गए। सभी मरीजों में बर्न इंजरी 10 से 15 प्रतिशत के बीच रही। किसी को भी गंभीर रूप से झुलसने के कारण भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी।

बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक पहुंचे घायल

डॉ. बिष्ट के अनुसार, आतिशबाजी के दौरान अलग-अलग आयु वर्ग के लोग घायल हुए। इनमें पांच साल से कम उम्र के करीब पांच बच्चे भी शामिल थे। 12 साल से कम उम्र के बच्चों की संख्या भी लगभग इतनी ही रही। इसके अलावा किशोर, युवा और वयस्क भी पटाखों की चपेट में आए। 40 बर्न इंजरी के मामलों में 28 पुरुष और 12 महिलाएं शामिल थीं।

11 लोग सड़क हादसों में घायल

दीपावली के दौरान पटाखों से झुलसने के अलावा सड़क दुर्घटनाओं के मामले भी सामने आए। पिछले 24 घंटों में करीब 11 लोग सड़क हादसों में घायल होकर दून अस्पताल पहुंचे। त्योहार के दौरान सड़कों पर बढ़े यातायात के बीच ये दुर्घटनाएं हुईं। हालांकि, किसी भी घायल की स्थिति गंभीर नहीं बताई गई। सभी को समय पर उपचार उपलब्ध कराया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद सभी को मिली छुट्टी

एमएस डॉ. आरएस बिष्ट ने बताया कि पटाखों से झुलसे सभी मरीजों को इमरजेंसी और प्लास्टिक सर्जरी यूनिट के डॉक्टरों ने तत्काल प्राथमिक उपचार दिया। घावों की मरहम-पट्टी और जरूरी दवाएं देने के बाद मरीजों की स्थिति का आकलन किया गया। सभी खतरे से बाहर थे, इसलिए उन्हें उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, दीपावली के दौरान डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मचारियों की टीम को मुस्तैद रखा गया था। इमरजेंसी में पिछले 24 घंटों में पहुंचे करीब 630 मरीजों में से 90 मामले त्योहार से जुड़ी घटनाओं के थे। समय पर उपचार मिलने से किसी भी मरीज की स्थिति गंभीर नहीं हुई और अस्पताल में कोई बड़ी अनहोनी सामने नहीं आई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button