उत्तराखण्ड

रामनगर में आतिशबाजी की चिंगारी से भड़की आग, आरा मशीन को भारी नुकसान

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर में दीपावली के दौरान जलाए गए पटाखों की चिंगारी से एक आरा मशीन में आग लगने की आशंका जताई जा रही है। खताड़ी क्षेत्र के चुना भट्टा इलाके में देर रात एक आरा मशीन में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और वहां रखी लकड़ी, बुरादे तथा अन्य ज्वलनशील सामग्री को अपनी चपेट में ले लिया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार, देर रात आरा मशीन से आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और कर्मचारियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया। काफी प्रयासों के बाद आग को फैलने से रोकते हुए उस पर नियंत्रण पा लिया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दीपावली पर जलाए गए पटाखों से निकली कोई चिंगारी आरा मशीन में पहुंचने के कारण आग लगी हो सकती है। आशंका है कि चिंगारी वहां रखी लकड़ी या बुरादे तक पहुंची होगी, जिससे आग भड़क गई। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

फायर अधिकारी गोपाल सिंह रावत ने बताया कि देर रात आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल वाहन को मौके पर रवाना किया गया। आग मुख्य रूप से वहां रखे बुरादे और लकड़ी के वेस्टेज में लगी थी। दमकल कर्मियों के साथ स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में काफी सहयोग किया, जिसके चलते समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया।

घटना में आरा मशीन को भारी आर्थिक नुकसान होने की सूचना है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। दीपावली के दौरान पटाखों से आग लगने की आशंका ने एक बार फिर आतिशबाजी करते समय सावधानी बरतने और ज्वलनशील सामग्री के आसपास सुरक्षा इंतजाम रखने की जरूरत को सामने ला दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button