उत्तराखण्ड

अमित शाह के कार्यक्रम में बदलाव, पहले परेड ग्राउंड में पदयात्रा में होंगे शामिल

देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छह नवंबर को देहरादून दौरे के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। अब वह पहले परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाली भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा और जनसभा में शामिल होंगे। इसके बाद रेसकोर्स स्थित पुलिस लाइन में होने वाले कार्यक्रम में पहुंचेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी।

भट्ट के अनुसार, पहले निर्धारित कार्यक्रम में गृह मंत्री को पुलिस लाइन के कार्यक्रम में पहले शामिल होना था। संशोधित कार्यक्रम के तहत शाह दोपहर करीब 12 बजे परेड ग्राउंड पहुंचेंगे और पदयात्रा में शिरकत करेंगे। इसके बाद वह पुलिस लाइन के कार्यक्रम में शामिल होंगे।

गृह मंत्री के दौरे और राज्य स्थापना दिवस समारोह को लेकर शासन और भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में छह नवंबर को परेड ग्राउंड में समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

मुख्य सचिव आनंदबर्द्ध ने मंगलवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ परेड ग्राउंड का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा, प्रोटोकॉल, बैठने की व्यवस्था, साउंड सिस्टम और निर्बाध विद्युत आपूर्ति के पुख्ता इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने को कहा गया।

पदयात्रा में अधिक से अधिक भागीदारी की तैयारी

भाजपा भी पदयात्रा और जनसभा को सफल बनाने के लिए जुट गई है। देहरादून और हरिद्वार समेत विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में लाने की तैयारी की जा रही है। मंगलवार को महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में रायपुर, राजपुर, धर्मपुर, कैंट और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में बैठकें आयोजित की गईं।

बैठकों में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास, विनोद चमोली, उमेश शर्मा काऊ और सविता कपूर ने कार्यकर्ताओं से विधानसभा, मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर बैठकें कर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।

सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक यातायात डायवर्जन

परेड ग्राउंड में छह नवंबर को होने वाली जनसभा को देखते हुए देहरादून पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने की तैयारी की है। सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक शहर में यातायात डायवर्जन रहेगा। पुलिस ने आम जनता से निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करने और आयोजन में सहयोग करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button