उत्तराखण्ड

दिवाली के बाद उत्तराखंड में बढ़ा वायु प्रदूषण, हरिद्वार की हवा सबसे ज्यादा दूषित

देहरादून। दीपावली के बाद आतिशबाजी का असर अब उत्तराखंड के शहरों की आबोहवा पर भी दिखाई देने लगा है। दिल्ली में धुंध, धुएं और कोहरे के बीच कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 तक पहुंच गया है। वहीं उत्तराखंड के विभिन्न शहरों में भी प्रदूषण का स्तर बढ़ने से चिंता बढ़ गई है। राज्य में हरिद्वार सबसे अधिक प्रदूषित शहर रहा, जहां दीपावली के अगले दिन सोमवार सुबह AQI 310 दर्ज किया गया। राजधानी देहरादून में भी हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी हुई है।

AQI.in के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, सोमवार 9 नवंबर की सुबह देहरादून में AQI 184 दर्ज किया गया। यहां PM2.5 का स्तर 86 और PM10 का स्तर 149 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा। वहीं हल्द्वानी में AQI 78 दर्ज किया गया। यहां PM2.5 का स्तर 47 और PM10 का स्तर 57 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा।

हरिद्वार में सबसे अधिक प्रदूषण

दीपावली के बाद हरिद्वार में वायु प्रदूषण का स्तर राज्य के अन्य शहरों की तुलना में सबसे अधिक दर्ज किया गया। AQI.in के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार सुबह यहां AQI 310 तक पहुंच गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। हरिद्वार में PM2.5 का स्तर 133 और PM10 का स्तर 169 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। आतिशबाजी के बाद बढ़े प्रदूषण ने धर्मनगरी की हवा को भी प्रभावित किया है।

छोटी दिवाली पर देहरादून का AQI 290 पहुंचा था

इससे पहले छोटी दिवाली पर देर रात तक हुई आतिशबाजी के कारण देहरादून की आबोहवा भी प्रभावित हुई थी। उस दौरान शहर का AQI 290 तक पहुंच गया था। मैदानी क्षेत्रों के साथ पहाड़ी इलाकों में भी धूल और धुएं का असर देखने को मिला। दून से लेकर टिहरी और नैनीताल तक प्रदूषण बढ़ने की स्थिति सामने आई थी। रुद्रपुर में AQI 152 और ऋषिकेश में 150 दर्ज किया गया था।

पहाड़ों की स्वच्छ आबोहवा पर भी प्रदूषण का असर

उत्तराखंड की पहचान उसकी स्वच्छ और शुद्ध आबोहवा से रही है, लेकिन त्योहारों के दौरान बढ़ती आतिशबाजी और प्रदूषण ने पहाड़ी शहरों की हवा को भी प्रभावित किया है। मैदानी शहरों में प्रदूषण का स्तर 200 के पार पहुंचना चिंता का विषय बना हुआ है। वहीं हरिद्वार में AQI 310 दर्ज होने से स्थिति और गंभीर दिखाई दे रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button