उत्तराखण्ड

उत्तराखंड के 26वें स्थापना दिवस पर कांग्रेस का बड़ा वादा, गैरसैंण को बनाएंगे स्थायी राजधानी

देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत पार्टी कार्यकर्ताओं ने कचहरी परिसर स्थित शहीद स्थल पहुंचकर राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान गोदियाल ने प्रदेश के मौजूदा हालात, राज्य आंदोलनकारियों के सपनों और सरकार की कार्यशैली पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस सत्ता में आती है तो गैरसैंण को उत्तराखंड की स्थायी राजधानी बनाया जाएगा।

गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड आज भी शहीदों, राज्य आंदोलनकारियों और प्रदेश की जनता के सपनों के अनुरूप नहीं बन पाया है। राज्य आंदोलनकारियों ने जिस परिकल्पना के साथ अलग राज्य के निर्माण के लिए संघर्ष किया था, उस मुकाम तक पहुंचने के लिए मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह लक्ष्य असंभव नहीं, बल्कि पूरी तरह संभव है।

रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर काम करने की जरूरत

गोदियाल ने कहा कि गैरसैंण को राजधानी बनाने के साथ ही प्रत्येक व्यक्ति को उसकी ग्रामसभा के दायरे में रोजगार उपलब्ध कराने, शिक्षा व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने जैसे मुद्दों पर काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि नेताओं की ओर से राज्यहित के बजाय अपने हितों को प्राथमिकता देते हुए समझौते किए जाते रहे हैं, जिससे प्रदेश के सम्मान को ठेस पहुंची है।

सरकार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चला रही कांग्रेस

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि अपने कारनामों को छिपाने के लिए गलत तरीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे में कांग्रेस की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि वह सरकार के कामकाज को घर-घर तक पहुंचाए और जनता को सच्चाई से अवगत कराए।

उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से कांग्रेस की ओर से हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया है। राज्य स्थापना दिवस पर उन्होंने जनता के सामने पार्टी का संकल्प दोहराते हुए कहा कि यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो उत्तराखंड को शहीदों के सपनों के अनुरूप विकसित करने के लिए गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button