चारधाम यात्रा के बीच फिर हादसा, बदरीनाथ लौट रहा टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पलटा, 8 यात्री घायल

चमोली: चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जोशीमठ के पास हाल ही में हुए हादसे के बाद शुक्रवार को एक बार फिर श्रद्धालुओं से भरा टेंपो ट्रैवलर दुर्घटना का शिकार हो गया। हनुमान चट्टी और बिनाकुली के बीच वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जिससे आठ यात्री घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी की हालत गंभीर नहीं बताई गई है।
जानकारी के अनुसार टेंपो ट्रैवलर (UP-15 ET-1020) उत्तर प्रदेश के मेरठ से आए श्रद्धालुओं को बदरीनाथ धाम के दर्शन कराने के बाद ऋषिकेश लौट रहा था। इसी दौरान हनुमान चट्टी और बिनाकुली के बीच अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के समय वाहन में चालक समेत 16 लोग सवार थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए जेपी कंपनी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ रेफर कर दिया गया।
हादसे में घायल यात्रियों में दिशा सैनी (15), वर्षा, इलालिता, ज्योति, पुष्पा गिरी, चालक जमील, राजकुमार और बसु शामिल हैं। सभी यात्री मेरठ जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। हालांकि पुलिस और एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई से राहत एवं बचाव कार्य जल्द पूरा कर लिया गया। हादसे के चलते कुछ समय के लिए राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारू कर दिया गया।
बदरीनाथ थाना प्रभारी नवनीत भंडारी ने बताया कि वाहन बदरीनाथ से ऋषिकेश की ओर जा रहा था। बिनाकुली के पास अनियंत्रित होकर पलटने से आठ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों का उपचार जारी है और किसी की स्थिति गंभीर नहीं है।
चारधाम यात्रा सीजन में लगातार बढ़ते यातायात और पर्वतीय मार्गों की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच यह हादसा एक बार फिर सावधानीपूर्वक वाहन संचालन की आवश्यकता को रेखांकित करता है। समय पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से एक बड़ा हादसा टल गया।




