हरिद्वार में कांवड़ मेले के पहले दिन बड़ा हादसा: बीच सड़क धंसी, गड्ढे में गिरी महिला; CCTV वीडियो वायरल

हरिद्वार: कांवड़ मेला-2026 के पहले ही दिन हरिद्वार में एक बड़ा हादसा सामने आया। ललतारौ पुल के पास अचानक सड़क धंसने से एक महिला यात्री गड्ढे में गिर गई। हादसे में महिला को हल्की चोटें आईं, जबकि पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस हादसे के बाद कांवड़ मेले की तैयारियों और शहर की सड़कों की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।
चलते-चलते अचानक धंस गई सड़क
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह ललतारौ पुल के पास बाजार में लोगों की भारी भीड़ थी। इसी दौरान एक महिला अपने परिजनों के साथ पैदल जा रही थी। जैसे ही उसने होटल के सामने सड़क पर कदम रखा, सड़क अचानक धंस गई और वह मिट्टी के साथ गड्ढे में गिर गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने तुरंत महिला को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि महिला को मामूली चोटें आई हैं।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वायरल वीडियो में महिला हाथ में बैग लेकर सड़क पर चलते हुए दिखाई देती है। अचानक सड़क धंसती है और महिला आधी गड्ढे में समा जाती है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर प्रशासन की तैयारियों को लेकर कई सवाल उठाए जा रहे हैं।
पानी की पाइपलाइन लीकेज बनी वजह
लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के लिए गड्ढे के चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई। शाम तक गड्ढे को भरकर मार्ग पर यातायात सुचारु कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क के नीचे पानी की पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण मिट्टी बह गई थी, जिससे दबाव पड़ते ही सड़क धंस गई।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
हरिद्वार शहर में पिछले एक वर्ष से नई सीवर लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। खड़खड़ी और पावन धाम रोड समेत कई इलाकों में पूर्व में भी सड़क धंसने की घटनाएं हो चुकी हैं। एक माह पहले बारिश के दौरान पावन धाम रोड पर दो ट्रक और एक कार सड़क धंसने से फंस गए थे।
कांवड़ मेले में इस बार करोड़ों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में यह घटना शहर की आधारभूत संरचना और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर चिंता बढ़ाने वाली मानी जा रही है।




