सितारगंज में भीषण सड़क हादसा: टैक्सी कार और बाइक की टक्कर के बाद लगी आग, दो युवकों की मौत

खटीमा: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के सितारगंज-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बिडोरा मझोला बाजार स्थित हनुमान मंदिर के पास टैक्सी कार और बाइक की आमने-सामने की भीषण टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दुर्घटना के बाद टैक्सी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
टक्कर के बाद धू-धू कर जले दोनों वाहन
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8:30 बजे तेज रफ्तार टैक्सी कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत बाइक सवार दोनों युवकों को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
अस्पताल में दोनों युवकों ने तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को उपजिला चिकित्सालय सितारगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई।
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल दोनों मृतकों की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर परिजनों का पता लगाने में जुटी है।
सीएनजी कार में आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त टैक्सी कार सीएनजी से संचालित थी। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण सीएनजी माना जा रहा है। वहीं, हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग
घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद जलती कार और बाइक की आग पर काबू पाया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।




