रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की मौत पर SSP का बड़ा बयान, 4 गिरफ्तार

देहरादून : देहरादून के राजपुर क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक के दौरान रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की गोली लगने से हुई मौत के मामले में देहरादून पुलिस ने सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) Pramendra Singh Dobal ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
112 पर मिली सूचना, मौके पर पहुंचे अधिकारी
एसएसपी डोबाल ने बताया कि सोमवार सुबह 6:50 बजे 112 के माध्यम से सूचना मिली कि थाना राजपुर क्षेत्र के जोहड़ी गांव के पास दो वाहनों के बीच रोडरेज और फायरिंग की घटना हुई है। सूचना मिलते ही एसओ राजपुर, चौकी प्रभारी, एसपी सिटी और स्वयं एसएसपी मौके पर पहुंचे।
फायरिंग की इस घटना में मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दो गाड़ियों में सवार युवक कर रहे थे फायरिंग
पुलिस के अनुसार, ब्रिगेडियर जोशी अपने साथियों के साथ सुबह की सैर पर निकले थे। इसी दौरान दो वाहनों में सवार युवक आपस में फायरिंग कर रहे थे। गोलीबारी की चपेट में आने से उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न पुलिस टीमों ने जांच शुरू की। फॉर्च्यूनर वाहन में सवार लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन उनके बयान संदिग्ध पाए गए।
क्लब में बिल को लेकर हुआ था विवाद
जांच के दौरान कोठाल गेट स्थित ZEN – Z Club की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। इससे पता चला कि घटना से एक दिन पहले रात में क्लब में बिल के अधिक पैसे को लेकर क्लब मालिक, मैनेजर और कुछ युवकों के बीच मारपीट हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, इसी विवाद का बदला लेने के लिए दूसरे पक्ष ने सुबह तक इंतजार किया। क्लब बंद कर जब कर्मचारी जा रहे थे, उसी दौरान दोनों पक्षों के बीच रोडरेज और फायरिंग की घटना हुई।
दोनों पक्ष दोषी, क्लब मालिक समेत 4 गिरफ्तार
एसएसपी डोबाल ने स्पष्ट किया कि इस मामले में दोनों पक्षों की भूमिका सामने आई है और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अब तक क्लब मालिक संदीप सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दूसरे पक्ष से आदित्य चौधरी को भी हिरासत में लिया गया है, जबकि उसके तीन साथी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
वाहन जब्त, क्लब सील
घटना में शामिल दोनों वाहनों को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। साथ ही संबंधित क्लब को सील कर दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आगे की जांच जारी है।




