उत्तराखण्ड

बाजपुर कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव नामांकन के बाद हंगामा, पुलिस के लाठीचार्ज में तीन छात्र घायल

रुद्रपुर। बाजपुर के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के बाद दो छात्र गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और कॉलेज के बाहर छात्रों की भीड़ जुट गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। इस दौरान एक छात्रा समेत तीन विद्यार्थी घायल हो गए। वहीं, निवर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष और एक अधिवक्ता समेत छह लोगों को हिरासत में लिए जाने के बाद छात्र और वकील कोतवाली पहुंच गए, जहां काफी देर तक हंगामा हुआ।

शुक्रवार को कॉलेज परिसर में छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से चल रही थी। नामांकन पूरा होने के बाद दोपहर करीब तीन बजे दो छात्र गुटों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर कॉलेज के बाहर छात्रों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर एसएसआई जसविंदर सिंह और एसआई देवेंद्र भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस के अनुसार, मौके पर स्थिति बिगड़ने पर भीड़ को अलग करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया। वहीं, छात्रों ने पुलिस पर लाठीचार्ज करने का आरोप लगाया। पुलिस कार्रवाई के दौरान पूर्व कोषाध्यक्ष और सचिव पद के प्रत्याशी ध्रुव के प्रस्तावक विश्वजीत सिंह चौहान, छात्रा गुनगुन पवार और लोकेश घायल हो गए। पुलिस ने घायल विश्वजीत और लोकेश का सरकारी अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया।

इसके बाद पुलिस ने कॉलेज गेट से निवर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष महेंद्र बोरा और अधिवक्ता रोशन पटेल समेत छह लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया। अधिवक्ता को हिरासत में लिए जाने की जानकारी मिलने पर स्थानीय वकील भी कोतवाली पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिवक्ताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

मामला बढ़ता देख कोतवाल नरेश चौहान ने हस्तक्षेप किया और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने हिरासत में लिए गए अधिवक्ता और छात्रों को छोड़ दिया।

अल्मोड़ा में आज से छात्रसंघ चुनाव के नामांकन

अल्मोड़ा में नए छात्रसंघ के गठन के लिए शनिवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। नामांकन प्रक्रिया शाम तक चलेगी। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महिला उपाध्यक्ष, महासचिव, उपसचिव, कोषाध्यक्ष और सांस्कृतिक सचिव पद के लिए प्रत्याशी नामांकन दाखिल करेंगे।

परिसर के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर संजीव आर्या ने बताया कि शनिवार को दोपहर दो बजे तक नामांकन होगा। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और शाम तक प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी। सोमवार को परिसर में जनरल गैदरिंग आयोजित होगी, जिसमें सभी प्रत्याशी अपनी बात रखेंगे।

मंगलवार 29 सितंबर को छात्रसंघ चुनाव कराया जाएगा। मतदान सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक चलेगा। इसके बाद दोपहर तीन बजे से मतगणना शुरू होगी। देर शाम तक परिणाम घोषित किए जाएंगे और विजयी प्रत्याशियों को शपथ दिलाई जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button