उत्तराखण्ड

हल्द्वानी में देर रात हंगामा, दो गुट भिड़े; 20 लोगों पर कार्रवाई, लगा 10 हजार रूपए का जुर्माना

हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में पीलीकोठी चौराहे के पास दो गुटों के बीच विवाद और भगदड़ जैसी स्थिति के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल 20 लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। सभी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।

 

घटना मुखानी थाना क्षेत्र में 6 और 7 अगस्त की दरमियानी रात की बताई जा रही है। पीलीकोठी चौराहे के पास दो गुटों के बीच विवाद के बाद अचानक सड़क पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही मुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

 

सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपियों की पहचान

 

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण और मुखानी थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

 

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर 20 लोगों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार सभी के खिलाफ थाना मुखानी में धारा 172(2) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत सभी 20 लोगों का चालान किया गया और कुल 10 हजार रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया।

 

मारपीट या चोट की घटना नहीं मिली

 

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मामले में 20 लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की गई है और अग्रिम कार्रवाई जारी है। पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज की जांच में किसी व्यक्ति के साथ मारपीट या चोट पहुंचाने की घटना सामने नहीं आई है। फुटेज में केवल भगदड़ जैसी स्थिति दिखाई दे रही है।

 

पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से अभी तक कोई तहरीर भी नहीं दी गई है। हालांकि जांच के दौरान यदि मारपीट या किसी अन्य दंडनीय कृत्य के तथ्य सामने आते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों या हुड़दंग से बचने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button