उत्तराखण्ड

लालढांग रेंज में हाथी दांतों की गुमशुदगी का मामला, जांच के बाद दो रेंजर निलंबित

देहरादून। हरिद्वार की लालढांग रेंज के स्टोर से पांच हाथी दांत गायब होने के मामले में वन विभाग ने कार्रवाई की है। विभाग ने रेंजर अनुराग जोशी और प्रभारी रेंजर भगवत प्रसाद को निलंबित कर दिया है। डीएफओ हरिद्वार की अध्यक्षता में हुई विभागीय जांच में रेंजर, प्रभारी रेंजर, फॉरेस्टर और लिपिक की लापरवाही सामने आई थी। सीसीएफ एचआरडी पीके पात्रो ने दोनों रेंजरों के निलंबन की पुष्टि की है।

दरअसल, लालढांग रेंज के स्टोर में हाथियों के करीब 15 दांत दर्ज होने की जानकारी थी। लेकिन मौके पर जांच के दौरान इनमें से केवल करीब 10 दांत ही मिले। शेष पांच हाथी दांत गायब पाए गए। मामला सामने आने के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया था। विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कराई थी। इस मामले में यमकेश्वर थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी।

रिकॉर्ड और रखरखाव में मिली लापरवाही

हाल ही में डीएफओ हरिद्वार की अध्यक्षता में मामले की जांच की गई। जांच रिपोर्ट में स्टोर में रखे हाथी दांतों के रिकॉर्ड, उनकी सुरक्षा और रखरखाव में गंभीर लापरवाही सामने आई। रिपोर्ट में रेंजर, प्रभारी रेंजर, फॉरेस्टर और लिपिक की भूमिका को लेकर चूक पाई गई। इसके आधार पर अब दो रेंजरों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।

अब भी नहीं सुलझी पांच दांत गायब होने की गुत्थी

इस मामले ने वन विभाग की निगरानी और वन्यजीवों से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्यों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाथी दांत वन्यजीव अपराधों की जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण साक्ष्य माने जाते हैं। ऐसे में विभागीय स्टोर से पांच दांतों का गायब होना गंभीर मामला है।

मामले में जांच और एफआईआर दर्ज होने के बावजूद गायब दांतों का पता नहीं चल पाया है। इन दांतों का कुल वजन कितना था, यह भी अब तक स्पष्ट नहीं हुआ है। विभागीय जांच रिपोर्ट के आधार पर हुई निलंबन की कार्रवाई को जवाबदेही तय करने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button