उत्तराखण्ड

अंकिता भंडारी केस में प्रदर्शन पर कांग्रेस नेताओं पर FIR, हरीश रावत-गणेश गोदियाल समेत 30 नामजद

देहरादून: अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी को राज्यपाल बनाए जाने के विरोध में प्रदर्शन करना कांग्रेस नेताओं को भारी पड़ गया है। देहरादून में लोकभवन के गेट के सामने बिना अनुमति प्रदर्शन करने के मामले में पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक और पार्टी के अन्य नेताओं समेत 30 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एफआईआर में 10 से 15 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।

पुलिस के अनुसार, कांग्रेस की ओर से अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की नियुक्ति के विरोध में घंटाघर से जिला प्रशासन तक कैंडल मार्च निकालकर ज्ञापन सौंपने की योजना थी। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता लोकभवन पहुंच गए और मुख्य गेट के सामने प्रदर्शन करने लगे।

पुलिस के निर्देशों की अनदेखी करने का आरोप

कैंट थाना प्रभारी संतोष सिंह कुंवर की शिकायत के आधार पर दर्ज एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शनकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात बाधित नहीं करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी नहीं माने।

पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने बैरियर पार कर जबरन आगे बढ़ने का प्रयास किया। इससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न होने और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बनी। हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा। इसके बाद प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाया गया।

हरीश रावत और गणेश गोदियाल समेत कई नेता नामजद

एसपी सिटी शेखर सुयाल के अनुसार, कैंट थाना प्रभारी की शिकायत के आधार पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह, हरक सिंह रावत, ज्योति रौतेला, गरिमा दसौनी और पूर्व विधायक राजकुमार समेत 30 कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा 10 से 15 अज्ञात कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी एफआईआर में शामिल किया गया है।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132 और 223 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की विवेचना पुलिस उपनिरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट को सौंपी गई है।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं और एफआईआर में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button