भाई दूज मनाकर लौटते वक्त हादसा, 400 मीटर गहरी खाई में गिरने से मां-बेटी की मौत

अल्मोड़ा। जिले में सेराघाट-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर बुधवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरड़ा के पास एक बोलेरो मैक्स अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में मां-बेटी और वाहन चालक की मौत हो गई। तीनों हरड़ा गांव के निवासी थे। एक ही गांव के तीन लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, मां-बेटी भाई दूज का त्योहार मनाने के लिए पिथौरागढ़ गई थीं। बुधवार देर रात दोनों बोलेरो मैक्स से वापस अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान हरड़ा के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो गहरी खाई में जा गिरी। हादसा देर रात होने के कारण तत्काल इसकी जानकारी किसी को नहीं मिल सकी।
सुबह राहगीरों ने दी हादसे की सूचना
गुरुवार सुबह राहगीरों ने सड़क से नीचे खाई में दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को देखा। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सुबह करीब नौ बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।
400 मीटर गहरी खाई में चलाया रेस्क्यू अभियान
खाई काफी गहरी होने के कारण बचाव दल को शवों को बाहर निकालने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद तीनों को खाई से बाहर निकाला गया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। एक ही गांव के तीन लोगों की मौत से हरड़ा गांव में मातम पसरा है।




