उत्तराखण्ड

तीन दिन की यात्रा के बाद पहुंची पंचमुखी डोली,ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान हुए बाबा केदार

रुद्रप्रयाग। ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली शुक्रवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंच गई। यहां पौराणिक धार्मिक परंपराओं के अनुसार बाबा केदार को विराजमान कराया गया। डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचने के साथ ही अगले छह माह तक चलने वाली शीतकालीन पूजा-अर्चना भी शुरू हो गई। इस दौरान पूरा ऊखीमठ क्षेत्र बाबा के जयकारों से गुंजायमान रहा। डोली के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

11 नवंबर को केदारनाथ धाम से रवाना हुई थी डोली

बाबा केदारनाथ धाम के कपाट भैयादूज के पावन अवसर पर 11 नवंबर को सुबह 8:30 बजे शीतकाल के लिए बंद किए गए थे। कपाट बंद होने से पहले तड़के चार बजे से मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुए। मुख्य पुजारी और वेदपाठियों ने धार्मिक परंपराओं के अनुसार बाबा के स्वयंभू शिवलिंग को समाधि स्वरूप दिया। स्थानीय पुष्पों, ब्रह्मकमल और भस्म से शिवलिंग को ढकने के बाद गर्भगृह के कपाट बंद किए गए।

इसके बाद बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली मंदिर परिसर से बाहर लाई गई। सेना के बैंड की धुनों और हजारों श्रद्धालुओं के जय श्री केदार के उद्घोष के बीच डोली ने ऊखीमठ के लिए प्रस्थान किया। इस धार्मिक क्षण का साक्षी बनने के लिए पांच हजार से अधिक श्रद्धालु केदारपुरी पहुंचे थे।

रामपुर और गुप्तकाशी में किया रात्रि विश्राम

केदारनाथ धाम से रवाना होने के बाद 11 नवंबर को बाबा की डोली अपने पहले पड़ाव रामपुर पहुंची। यहां रात्रि विश्राम के बाद 12 नवंबर की सुबह पूजा-अर्चना के पश्चात डोली गुप्तकाशी के लिए रवाना हुई। इस दौरान डोली शेरसी, बड़ासू, फाटा, खाट-खड़िया, मैखंडा, ब्यूंग, खुमेरा, नारायणकोटी, ह्यूण और नाला सहित विभिन्न पड़ावों से होकर गुजरी। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

12 नवंबर की शाम बाबा की पंचमुखी डोली गुप्तकाशी स्थित श्री विश्वनाथ मंदिर पहुंची। यहां मंदिर की परिक्रमा के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आरती और पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद बाबा की डोली ने मंदिर में रात्रि विश्राम किया।

अब छह माह तक ओंकारेश्वर मंदिर में होंगे दर्शन

13 नवंबर की सुबह पूजा-अर्चना के बाद बाबा केदार की डोली गुप्तकाशी से ऊखीमठ के लिए रवाना हुई। विभिन्न पड़ावों से होते हुए डोली श्री ओंकारेश्वर मंदिर पहुंची, जहां धार्मिक विधि-विधान और पौराणिक परंपराओं के अनुसार बाबा को विराजमान कराया गया। अब आगामी छह माह तक बाबा केदारनाथ की नियमित पूजा-अर्चना ओंकारेश्वर मंदिर में संपन्न होगी। शीतकाल के दौरान श्रद्धालु यहीं पहुंचकर बाबा के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

विधायक आशा नौटियाल ने दी शुभकामनाएं

इस अवसर पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण केंद्र है। शीतकाल में बाबा केदारनाथ की पूजा-अर्चना यहीं संपन्न होती है। यह अवसर आध्यात्मिक आस्था, श्रद्धा और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने बाबा केदारनाथ से समस्त प्रदेशवासियों और देशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button