उत्तराखण्ड

देहरादून में 26 अगस्त को टपकेश्वर शोभायात्रा, कई मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, यातायात प्लान हुआ जारी 

देहरादून : देहरादून में 26 अगस्त को शिवाजी धर्मशाला से टपकेश्वर मंदिर तक शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा को देखते हुए दून पुलिस ने शहर का यातायात प्लान जारी किया है। यात्रा सुबह 10 बजे शिवाजी धर्मशाला से शुरू होकर सहारनपुर चौक, झंडा बाजार, पल्टन बाजार, घंटाघर, बिंदाल, कैंट क्षेत्र, डाकरा बाजार और गढ़ी कैंट चौक होते हुए टपकेश्वर मंदिर पहुंचेगी।

शोभायात्रा के दौरान अलग-अलग स्थानों पर यातायात को जरूरत के अनुसार डायवर्ट किया जाएगा। निरंजनपुर मंडी, लालपुल और मातावाला बाग कट से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले वाहनों को जीएमएस रोड की ओर भेजा जाएगा। प्रिंस चौक और रेलवे स्टेशन की ओर से आने वाले यातायात को रोक-रोककर छोड़ा जाएगा। बल्लीवाला से आने वाले वाहनों को कमला पैलेस और लक्ष्मण चौक से आने वाले वाहनों को पार्क रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

शोभायात्रा के घंटाघर पहुंचने पर घंटाघर से चकराता रोड जाने वाले यातायात को दिलाराम चौक की ओर भेजा जाएगा। बल्लूपुर की ओर से आने वाले वाहनों को किशननगर चौक, बिंदाल चौकी कट और कैंट क्षेत्र होते हुए दिलाराम चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। शोभायात्रा का पिछला हिस्सा बिंदाल कट पार करने के बाद संबंधित डायवर्जन सामान्य कर दिए जाएंगे।

पोस्ट ऑफिस क्षेत्र में भी यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। वाटिका तिराहा से आने वाले वाहनों को आकाशगंगा तिराहा होते हुए पोस्ट ऑफिस की ओर भेजा जाएगा, जबकि पोस्ट ऑफिस से वाटिका तिराहा जाने वाले यातायात को रोक-रोककर छोड़ा जाएगा। शोभायात्रा का पिछला हिस्सा डाकरा रोड पार करने के बाद यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।

पुलिस के अनुसार पटेल नगर मंडी, बल्लीवाला चौक, मातावाला बाग तिराहा, बल्लूपुर चौक, कौलागढ़ चौक, दर्शनलाल चौक, प्रिंस चौक और घंटाघर प्रमुख बैरियर व डायवर्जन प्वाइंट रहेंगे। दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक घंटाघर, चकराता रोड और बल्लूपुर से घंटाघर मार्ग का इस्तेमाल करने से बचने की अपील की गई है।

शोभायात्रा के मद्देनजर सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक शहर क्षेत्र में सभी प्रकार के लोडिंग वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। एसपी ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी ने लोगों से शोभायात्रा के मार्गों से बचने और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक एवं डायवर्जन मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button