नंदा गौरा योजना में फर्जीवाड़े का नया मामला, जांच में खुली 28 आवेदनों की पोल

लक्सर। हरिद्वार जिले के लक्सर तहसील क्षेत्र में नंदा गौरा योजना के आवेदनों में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। योजना के तहत प्राप्त आवेदनों की जांच में 28 आवेदकों के आय प्रमाणपत्रों में छेड़छाड़ पकड़ी गई है। बाल विकास विभाग ने तहसील प्रशासन से इन प्रमाणपत्रों की जांच कराई थी। रिपोर्ट मिलने के बाद अब संबंधित आवेदकों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
दरअसल, हरिद्वार जिले के बहादराबाद और रुड़की क्षेत्र में भी नंदा गौरा योजना के तहत किए गए आवेदनों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई थी। इसके बाद विभाग ने सभी आवेदनों की जांच कराने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में लक्सर तहसील क्षेत्र में प्राप्त आवेदनों की भी जांच कराई गई, जिसमें 28 मामलों में फर्जीवाड़ा सामने आया।
आय प्रमाणपत्रों में पांच हजार रुपये की छेड़छाड़
जांच में पता चला कि आवेदकों ने तहसील से छह हजार रुपये वार्षिक आय के प्रमाणपत्र बनवाए थे। इसके बाद इन प्रमाणपत्रों में छेड़छाड़ कर आय पांच हजार रुपये दर्शाते हुए बाल विकास विभाग में आवेदन जमा किए गए। ऐसे कुल 28 प्रमाणपत्रों की पहचान हुई है।
बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) सुधा त्रिपाठी ने बताया कि मामले की तहसील प्रशासन से जांच कराई गई थी। जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
पहले भी सामने आ चुका है फर्जीवाड़ा
नंदा गौरा देवी कन्या धन योजना के तहत बेटी के जन्म और इंटरमीडिएट पास करने वाली बेटियों को सरकार की ओर से प्रोत्साहन राशि दी जाती है। हरिद्वार जिले में इससे पहले भी योजना में फर्जीवाड़े के मामले सामने आ चुके हैं।
वर्ष 2023 में जिले में 193 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इन पर फर्जी आय प्रमाणपत्र लगाकर योजना का लाभ लेने का आरोप था। उस समय यह मामला प्रदेशभर में चर्चा का विषय बना था और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे थे। मामला उत्तराखंड के बजट सत्र में भी उठाया गया था। इसके बाद कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के निर्देश पर कार्रवाई की गई थी।



