सीबीआई कोर्ट में पेश हुईं उर्मिला सनावर, नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट पर हुआ फैसला!

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वीवीआईपी खुलासे के मामले में उर्मिला सनावर शुक्रवार को देहरादून स्थित सीबीआई कोर्ट में पेश हुईं। अदालत में उनके और पूर्व विधायक सुरेश राठौर के नार्को व पॉलीग्राफ टेस्ट को लेकर सुनवाई हुई। सुनवाई के बाद दोनों का टेस्ट गुजरात के गांधीनगर में कराने का फैसला लिया गया है। हालांकि, टेस्ट की तारीख अभी निर्धारित नहीं हुई है।
कोर्ट में पेशी के बाद उर्मिला सनावर ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने खुद को भाजपा की सक्रिय कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि उन्हें न्याय की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि वह अंकिता को न्याय दिलाने के लिए नार्को टेस्ट सहित हर तरह की जांच कराने के लिए तैयार हैं।
पुलकित आर्य का भी नार्को टेस्ट कराने की मांग
उर्मिला सनावर ने हरिद्वार की रानीपुर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जेल में बंद आरोपी पुलकित आर्य का भी नार्को टेस्ट कराया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि नार्को टेस्ट नहीं कराने के लिए उन्हें 25 लाख रुपये और गाड़ी देने का ऑफर किया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि वह कथित वीवीआईपी के नामों का खुलासा चाहती हैं और इसी उद्देश्य से टेस्ट के लिए तैयार हैं।
उर्मिला सनावर इस मामले में लगातार वीवीआईपी के खुलासे की मांग कर रही हैं। वह पहले भी मीडिया के सामने नार्को टेस्ट कराने की इच्छा जता चुकी हैं। उन्होंने सीबीआई पर भरोसा नहीं होने की बात भी कही है।
23 अक्टूबर को कोर्ट में दी थी सहमति
इससे पहले उर्मिला सनावर 23 अक्टूबर को सीबीआई कोर्ट में पेश हुई थीं, जहां उन्होंने नार्को टेस्ट के लिए सहमति दी थी। इसके बाद उन्हें 26 अक्टूबर को दोबारा कोर्ट में पेश होना था, लेकिन पेशी से पहले ही हरिद्वार पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।
यह गिरफ्तारी ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी की शिकायत पर दर्ज मुकदमे के आधार पर हुई थी। शिकायत में उर्मिला सनावर पर सोशल मीडिया के माध्यम से अश्लील और मानहानिकारक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद उन्हें 14 दिन के लिए जेल भेजा गया था।
अब उर्मिला सनावर और सुरेश राठौर के नार्को व पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए गांधीनगर में स्थान तय होने के बाद आगे की प्रक्रिया और टेस्ट की तारीख पर नजर रहेगी।




