उत्तराखण्ड

चंबा-कोटी मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, पिकअप खाई में गिरी, 8 लोगों ने गंवाई जान

टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के टिहरी जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में कुल 10 लोग पिकअप वाहन में सवार थे, जिसमें ड्राइवर भी शामिल था।

जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना टिहरी-गढ़वाल जिले के चंबा-कोटी सड़क पर नैल क्षेत्र के पास हुई, जब चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो कैम्पर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।

हरिद्वार से लौट रहे थे ग्रामीण

जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने बताया कि हादसे में शामिल सभी लोग घनसाली क्षेत्र के थ्योलधार गांव के रहने वाले थे। वे हरिद्वार में एक ग्रामीण के अंतिम संस्कार में शामिल होकर घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

घायलों का इलाज जारी

हादसे के बाद घायलों को तुरंत जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

सीएम धामी ने जताया दुख

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि यह घटना अत्यंत दुखद है और दिवंगत आत्माओं को शांति तथा परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति मिले।

सीएम ने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की सूचना ‘डायल 112’ के माध्यम से पुलिस को मिली, जिसके बाद SDRF, स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और राहत कार्य शुरू किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button