उत्तराखण्ड

देहरादून में पत्नी की हत्या से सनसनी, घरेलू विवाद के बाद पति पर हत्या का आरोप

देहरादून। डालनवाला कोतवाली क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने पाटल से पत्नी के गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। वहीं आरोपी पति रामजी लाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना के पीछे की पूरी वजह और परिस्थितियों की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार रामजी लाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अयोध्या का रहने वाला है। वह अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ करीब तीन महीने पहले काम की तलाश में देहरादून आया था। करीब 10 दिन पहले ही परिवार ने डालनवाला क्षेत्र की मोहनी रोड पर किराये पर कमरा लिया था।

बताया जा रहा है कि पति-पत्नी दोनों राजमिस्त्री का काम करते थे। गुरुवार सुबह रामजी लाल काम पर नहीं गया था। इसी बात को लेकर पत्नी ने उसे काम पर जाने के लिए कहा, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रामजी लाल ने पाटल से पत्नी के गले पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और आरोपी को हिरासत में लिया।

मृतका की बहन सोनू पाल के अनुसार दोनों के बीच पहले किसी तरह के विवाद या तनाव की जानकारी नहीं थी और पति द्वारा बहन के साथ मारपीट करने की भी कोई जानकारी नहीं थी। हालांकि, उन्होंने बताया कि रामजी लाल नशे का आदी था और घटना के समय भी उसके नशे में होने की बात सामने आ रही है।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button