भीमताल में कथित धर्मांतरण प्रकरण का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत

नैनीताल/भीमताल। उत्तराखंड के भीमताल में कथित धर्मांतरण और युवतियों को झांसे में लेने के मामले में मुख्य आरोपी मोहम्मद यूनुस उर्फ ‘एमडी’ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। भीमताल पुलिस, एसआईटी और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। न्यायालय ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, भीमताल के कुवांताल निवासी मो. यूनुस पर आरोप है कि वह अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर अलग-अलग नामों से युवतियों से संपर्क करता था। बताया गया कि वह फोटोग्राफी, वीडियो शूट, ट्रैकिंग और म्यूजिक सेशन के माध्यम से लड़कियों को पहले विश्वास में लेता और फिर उन्हें अपने प्रभाव में करता था।
कुछ युवतियों की गंभीर शिकायतों के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन वह फरार हो गया था। आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर भीमताल भाजपा और व्यापार मंडल ने लगातार प्रदर्शन किए और कार्रवाई की मांग उठाई, जिससे पुलिस पर दबाव बढ़ा। इसके बाद भीमताल पुलिस, एसआईटी और एसओजी की संयुक्त टीम गठित कर गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
पुलिस ने बताया कि इस बहुचर्चित मामले में आरोपी के खिलाफ मल्लीताल थाने में 29 अप्रैल को मुकदमा संख्या 0017/2026 दर्ज किया गया था। उसके खिलाफ उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2018 की धारा 3 और 5 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2020 की धारा 115, 319 और 69 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने वर्ष 2020 में संपर्क स्थापित कर एक युवती से करीब 17 लाख रुपये विभिन्न उपकरणों जैसे कैमरा, लेंस और मोबाइल आदि पर खर्च कराए। इसके बाद उसने अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर विवाह का झांसा दिया और कथित रूप से धीरे-धीरे धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और अन्य संभावित पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।




