रुड़की में चलते-चलते इलेक्ट्रिक स्कूटी में लगी आग, युवक ने कूदकर बचाई जान

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब सड़क पर दौड़ रही एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि स्कूटी चालक ने समय रहते वाहन से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि कुछ ही मिनटों में स्कूटी पूरी तरह जलकर राख हो गई।
जानकारी के अनुसार, शक्ति विहार कॉलोनी निवासी आशु कुमार अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से ड्यूटी पर जा रहे थे। जैसे ही वह रुड़की रेलवे स्टेशन के पास अनमोल मेडिकल स्टोर के सामने पहुंचे, स्कूटी से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक ने खतरे को भांपते हुए तुरंत स्कूटी रोककर उससे उतर गया। इसके तुरंत बाद स्कूटी में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने से इलेक्ट्रिक स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
गौरतलब है कि रुड़की में वाहनों में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी सीबीआरआई कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति की बाइक में अचानक आग लग गई थी। उस घटना में भी चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बाइक से उतरकर खुद को सुरक्षित किया था और बाद में फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया था।
फिलहाल इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।




