अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर ट्रॉली खाई में गिरी; दो युवकों की मौत

अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में कफड़खान-सिरकोट-शैल मोटरमार्ग पर शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गधोली क्षेत्र के सुंदरपुर के पास एक ट्रैक्टर ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर ट्रॉली संख्या UK 02 CA 0073 सड़क पर चढ़ाई चढ़ रही थी। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क से नीचे कई मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना जबरदस्त था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। हादसा स्थल दुर्गम होने और खाई गहरी होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। एसडीआरएफ के जवान रस्सियों के सहारे खाई में उतरे और काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को बाहर निकाला। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान 22 वर्षीय उमेश पुत्र रमेश निवासी अजीतपुर, रामपुर उत्तर प्रदेश और 26 वर्षीय चत्ते राजी पुत्र गंगा राम निवासी कैलाली, नेपाल के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहन को खाई से निकालने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों ने पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से खतरनाक मोड़ों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने और सड़क किनारे क्रैश बैरियर व सुरक्षा दीवारें लगाने की मांग की है।




