बजरंग दल ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल, 14 लाख की लूटकांड की जांच एसपी ग्रामीण को सौंपी

देहरादून: राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े हुई 14 लाख रुपये की लूट के मामले में बजरंग दल के नेता सिद्धांत बडोनी समेत सात आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद विवाद बढ़ गया है। शनिवार 14 नवंबर को बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने सिद्धांत बडोनी की गिरफ्तारी के विरोध में एसएसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सिद्धांत बडोनी को गलत तरीके से लूट के मामले में फंसाया गया है और उनका इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है।
प्रदर्शन को देखते हुए एसएसपी कार्यालय के बाहर पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने हनुमान चालीसा का पाठ कर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ विरोध जताया। शुरुआत में एसपी सिटी शेखर सुयाल ज्ञापन लेने पहुंचे, लेकिन प्रदर्शनकारी एसएसपी से मुलाकात करने की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल कार्यालय पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने उन्हें ज्ञापन सौंपा।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कहा कि संगठन पुलिस जांच के खिलाफ नहीं है, लेकिन पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच किए बिना कार्रवाई की गई है और संगठन को बदनाम करने की साजिश की जा रही है। कार्यकर्ताओं ने पटेलनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर को बर्खास्त करने की मांग भी उठाई। साथ ही सिद्धांत बडोनी के साथ पुलिस द्वारा बर्बरता किए जाने का आरोप लगाया।
बजरंग दल के अध्यक्ष विकास वर्मा ने कहा कि संगठन मामले की जांच के साथ है, लेकिन किसी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए।
वहीं, एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि लूट के मामले की जांच एसपी सिटी सर्किल से हटाकर एसपी ग्रामीण जया बलोनी को सौंप दी गई है। लूट की घटना के साथ ही पुलिस पर लगाए गए आरोपों की भी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि बीती सात नवंबर को पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में इंद्रेश अस्पताल के पास बाइक सवार बदमाशों ने राजेश कुमार सोनी से 14 लाख रुपये लूट लिए थे। राजेश कुमार सोनी जमीन के सौदे से मिली रकम अपने साथियों के साथ कार से लेकर जा रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें बजरंग दल नेता सिद्धांत बडोनी भी शामिल हैं। उनकी गिरफ्तारी को लेकर ही अब संगठन ने विरोध प्रदर्शन किया है।




