उत्तराखण्ड

ऋषिकेश घूमने आए स्कूली बच्चों की बस हादसे का शिकार, तीन लोग घायल

ऋषिकेश: मुनि की रेती के पीडब्ल्यूडी तिराहे पर शनिवार सुबह स्कूली बच्चों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दीवार से टकरा गई। हादसे के समय बस में 30 लोग सवार थे। दुर्घटना में चालक, हेल्पर और विद्यालय की प्रधानाचार्य घायल हो गए, जबकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से सभी बच्चे सुरक्षित बचा लिए गए। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बस के ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर को सुबह करीब 9:40 बजे फिरोजाबाद के पंडित तिलक भानु सीनियर सेकेंडरी स्कूल की बस छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को लेकर लक्ष्मणझूला क्षेत्र में भ्रमण और स्नान के लिए जा रही थी। इसी दौरान मुनि की रेती के पीडब्ल्यूडी तिराहे पर अचानक ब्रेक फेल होने से बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे दीवार से जा टकराई।

हादसे की सूचना मिलते ही मुनि की रेती पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। दुर्घटना में चालक जयप्रकाश, हेल्पर अवधेश और प्रधानाचार्य रजनी सारस्वत को हल्की चोटें आईं। तीनों को अस्पताल पहुंचाकर प्राथमिक उपचार दिलाया गया।

एसएसआई मुनि की रेती योगेश पांडेय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई थी। बच्चों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए मधुबन आश्रम में उनके ठहरने और रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था भी कराई गई। शिक्षकों के साथ समन्वय बनाकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी बस में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां होने पर एआरटीओ रश्मि पंत ने कार्रवाई की थी। उस दौरान 21 अतिरिक्त सवारियों को उतरवाकर ओवरलोडिंग में चालान किया गया था। वहीं, पीडब्ल्यूडी तिराहे पर सड़क की अधिक ढलान के कारण पहले भी हादसे हो चुके हैं। पुलिस की ओर से संबंधित विभाग को सड़क दुरुस्त कराने के लिए पत्र भी भेजा जा चुका है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना की जांच और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button