2027 में भाजपा को जनता देगी जवाब, कांग्रेस 45 से अधिक सीटें जीतकर बनाएगी सरकार: हरीश रावत

मसूरी: उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मसूरी में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में जमीनों को खुर्द-बुर्द किया जा रहा है और भ्रष्टाचार, महंगाई तथा जनसमस्याओं से आम जनता परेशान है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 45 से अधिक सीटें जीतकर प्रदेश में स्थिर सरकार बनाएगी।
हरीश रावत ने कहा कि मसूरी और धनोल्टी विधानसभा सीटों पर भाजपा पिछले दस वर्षों से काबिज है, लेकिन इस बार यहां बदलाव देखने को मिलेगा। कांग्रेस इसे चुनौती के रूप में ले रही है। उन्होंने पार्टी में गुटबाजी की चर्चाओं को खारिज करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी पद को हासिल करना नहीं, बल्कि प्रदेश में कांग्रेस की वापसी कराना है। पार्टी हाईकमान उन्हें जो जिम्मेदारी देगा, वह उसे स्वीकार करेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने यूसीसी, लव जिहाद और मजार जिहाद जैसे मुद्दों को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार को इन मुद्दों के बजाय महंगाई, आम आदमी की घटती क्रय शक्ति और भ्रष्टाचार जैसे सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी की आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है, जबकि बड़े उद्योगपतियों की संपत्ति बढ़ रही है। उन्होंने 210 करोड़ रुपये से जुड़े मामले का भी जिक्र करते हुए इसे जनता के सामने रखने की बात कही।
हरीश रावत ने मसूरी की विकास योजनाओं को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मसूरी के लिए पेयजल योजना तैयार की गई थी, लेकिन अभी तक उसका लोकार्पण नहीं हो पाया है। वहीं, पार्किंग और टाउनहाल जैसी सुविधाओं का निर्माण उनके कार्यकाल में कराया गया था, लेकिन अब भाजपा सरकार उनका लोकार्पण कर रही है। उन्होंने टिहरी में मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से इसकी मांग कर रहे हैं। कोटद्वार में भी उनके कार्यकाल में मेडिकल कॉलेज स्वीकृत किया गया था।
अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर हरीश रावत ने कहा कि वह हरिद्वार की सेवा करना चाहते हैं। खानपुर के लोग भी उनसे लगातार चुनाव लड़ने की मांग कर रहे हैं, ताकि क्षेत्र की समस्याओं को विधानसभा में उठाया जा सके। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव लड़ने का अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान के निर्देशों के अनुसार ही होगा।
वहीं, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहने संबंधी बयान पर हरीश रावत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों के सम्मान और स्वाभिमान के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।
शक्तिमान मामले पर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पुलिस का जवान शक्तिमान शानदार सिपाही था और उसकी मौत के लिए जो भी जिम्मेदार है, उसे कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि वह स्वयं दोषी हैं तो उन्हें भी सजा मिलनी चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री ने दोहराया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार के कामकाज का जवाब देगी और कांग्रेस का लक्ष्य 45 से अधिक सीटें जीतकर प्रदेश में सरकार बनाना है।




