उत्तराखण्ड

उत्तराखंड पुलिस को मिलेगी नई पहचान, वर्दी से लेकर ध्वज तक में होंगे बदलाव

देहरादून: उत्तराखंड पुलिस की वर्दी और विभागीय पहचान को नया स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है। पुलिसकर्मियों की वर्दी पर लगने वाले इनसिग्निया यानी प्रतीक चिह्न के साथ ही टोपी पर लगे फॉरमेशन साइन में भी बदलाव किया जाएगा। इसके अलावा वर्दी पर छाती की ओर नया बैज लगाने और पुलिस ध्वज का स्वरूप बदलने की भी तैयारी है। इन बदलावों के बाद उत्तराखंड पुलिस की पहचान पहले से अलग नजर आ सकती है।

पुलिस की वर्दी केवल अनुशासन और पद की पहचान नहीं होती, बल्कि यह विभाग की विशिष्ट पहचान का भी प्रतीक है। वर्दी पर लगे बैज, इनसिग्निया और अन्य चिह्नों से पुलिसकर्मी के पद और विभागीय पहचान का पता चलता है। ऐसे में प्रतीक चिह्नों में बदलाव के बाद पुलिसकर्मियों की वर्दी का स्वरूप भी कुछ हद तक अलग दिखाई देगा। प्रस्तावित बदलावों में उत्तर प्रदेश पुलिस की वर्दी की तर्ज पर छाती पर बैज लगाने की व्यवस्था भी शामिल है।

इस बार उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर (निशान) मिला है। उत्तराखंड स्थापना दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देहरादून में आयोजित मुख्य समारोह में पुलिस को यह सम्मान औपचारिक रूप से प्रदान करेंगे। राज्य स्थापना दिवस आठ नवंबर को है, जबकि पुलिस विभाग की ओर से मुख्य कार्यक्रम छह नवंबर को आयोजित किया जा रहा है।

पहले भी जारी किया गया था पुलिस का मोनोग्राम

इससे पहले वर्ष 2021 में तत्कालीन डीजीपी अशोक कुमार ने पुलिस विभाग की वर्दी के लिए मोनोग्राम यानी बैज जारी किया था। पुलिसकर्मी इस बैज को अपनी बाईं बाजू पर लगाते हैं। अब इस मोनोग्राम में भी कुछ बदलाव किए जाने की तैयारी है। इसके साथ ही वर्दी के अन्य प्रतीक चिह्नों और टोपी पर लगे फॉरमेशन साइन को भी नया स्वरूप दिया जाएगा।

बदलाव पर खर्च होंगे चार से पांच करोड़ रुपये

वर्दी के बैज, प्रतीक चिह्न और पुलिस ध्वज में बदलाव से विभाग पर चार से पांच करोड़ रुपये का वित्तीय भार पड़ने का अनुमान है। पुलिसकर्मियों को नई वर्दी भी खरीदनी पड़ सकती है। इसके अलावा आईपीएस अधिकारियों के कार्यालयों में लगे पुराने पुलिस ध्वज बदले जाएंगे। पुलिस विभाग के भवनों पर लगे ध्वजों के रंग और स्वरूप में भी बदलाव किया जाना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button