उत्तराखण्ड

कांवड़ यात्रा 2026: हरिद्वार में आकर्षण का केंद्र बनी ‘अग्नि-5’ थीम वाली कांवड़, शिवभक्ति के साथ दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश

हरिद्वार: कांवड़ यात्रा 2026 में इस बार शिवभक्ति के साथ राष्ट्रभक्ति की अनूठी झलक भी देखने को मिल रही है। हरकी पैड़ी से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे श्रद्धालुओं के बीच बहादराबाद टोल प्लाजा के पास अग्नि-5 मिसाइल और भारत की सामरिक शक्ति की थीम पर तैयार की गई विशेष कांवड़ लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही।

 

राहगीरों और श्रद्धालुओं ने इस अनोखी कांवड़ को देखने के लिए रुककर फोटो और वीडियो बनाए। तिरंगे के रंगों से सजी इस कांवड़ को दिल्ली के शिवभक्त दीपांशु भोला, राजवीर और हर्ष ने तैयार किया है। कांवड़ में भारत की रक्षा क्षमता और सेना के शौर्य को प्रतीकात्मक रूप से दर्शाने का प्रयास किया गया है।

 

दीपांशु भोला ने बताया कि उनकी यह कांवड़ देश की सीमाओं पर तैनात भारतीय सैनिकों को समर्पित है। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सेना की वीरता और देश की रक्षा शक्ति से प्रेरित होकर इस वर्ष अग्नि-5 मिसाइल की थीम को चुना गया है। उन्होंने यह भी बताया कि वे राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से प्रेरित हैं और इससे पहले भी अलग-अलग विषयों पर कांवड़ तैयार कर चुके हैं।

 

कांवड़िए राजवीर ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य शिवभक्ति के साथ राष्ट्रभक्ति का संदेश देना है। उनके अनुसार, भारत की बढ़ती सामरिक क्षमता और आत्मनिर्भर रक्षा शक्ति को दर्शाने के लिए इस बार अग्नि-5 मिसाइल की थीम को कांवड़ का हिस्सा बनाया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष उन्होंने ब्रह्मोस मिसाइल की थीम पर कांवड़ तैयार की थी, जिसे श्रद्धालुओं ने काफी सराहा था।

 

हरिद्वार से गंगाजल लेकर निकला यह दल 11 अगस्त को दिल्ली पहुंचेगा, जहां भगवान शिव के मंदिर में जलाभिषेक करेगा। यात्रा मार्ग में जहां-जहां यह विशेष कांवड़ पहुंची, वहां श्रद्धालुओं ने इसे उत्सुकता से देखा और भारतीय सेना के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button