स्कूल वाहनों पर परिवहन विभाग की सख्ती, फिटनेस और सुरक्षा मानकों में मिली बड़ी लापरवाही, 75 वाहनों के कटे चालान

हरिद्वार: स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हरिद्वार परिवहन विभाग ने जिलेभर में स्कूल वाहनों के खिलाफ दो दिवसीय विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान सैकड़ों स्कूल वाहनों की जांच की गई, जिसमें सुरक्षा मानकों और दस्तावेजों में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर कुल 75 स्कूल वाहनों का चालान किया गया।
दरअसल, जिले में लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई स्कूल वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किए बिना संचालित हो रहे हैं, जिससे बच्चों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में विशेष जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान स्कूल बसों और अन्य स्कूल वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, चालक के दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास, लेडी अटेंडेंट सहित सभी अनिवार्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई।
जांच में कई गंभीर खामियां सामने आईं। पहले दिन एक वाहन बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र के संचालित पाया गया, जबकि छह वाहनों में परमिट संबंधी कमियां मिलीं। एक वाहन का बीमा समाप्त था और एक वाहन बिना प्रदूषण प्रमाणपत्र के संचालित हो रहा था। कई वाहनों में चालक के दस्तावेज अधूरे मिले। चार वाहनों में आपातकालीन निकास और अन्य सुरक्षा उपकरणों की कमी पाई गई, जबकि आठ वाहनों में फर्स्ट एड बॉक्स नहीं था। दस वाहनों में अग्निशमन यंत्र नहीं मिले या उनकी वैधता समाप्त हो चुकी थी। इन अनियमितताओं पर पहले दिन कुल 30 वाहनों का चालान किया गया।
दूसरे दिन भी अभियान जारी रहा, जिसमें विभिन्न स्कूलों और प्रमुख मार्गों पर जांच के दौरान 45 और स्कूल वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन वाहनों में फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, वैध ड्राइविंग लाइसेंस, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र और निर्धारित मानकों के अनुरूप लेडी अटेंडेंट की अनुपस्थिति जैसी कमियां पाई गईं।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्पष्ट कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी विद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि अपने वाहनों में फिटनेस, परमिट, बीमा, वैध दस्तावेज, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास सहित सभी अनिवार्य सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहनों के खिलाफ भविष्य में भी विशेष अभियान जारी रहेगा और लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग ने विद्यालय प्रबंधन और वाहन चालकों से सभी सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।




