हरिद्वार में लुटेरी दुल्हन का मामला, शादी के अगले दिन पति को नशीला पदार्थ देकर जेवर और नकदी लेकर फरार

हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के बहादराबाद क्षेत्र में शादी के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक की शादी कराने के बाद दुल्हन ने चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पति को बेहोश कर दिया और घर में रखी नकदी व अन्य सामान लेकर फरार हो गई। पुलिस ने मामले में कथित लुटेरी दुल्हन समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 70 हजार रुपये की नकदी, पांच मोबाइल फोन और नशीला पाउडर बरामद किया गया है। वारदात में इस्तेमाल बोलेरो वाहन को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
मामला बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। पुलिस को 24 सितंबर को युवक की ओर से तहरीर दी गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके भाई की शादी नहीं हो रही थी और परिवार लगातार उसके लिए रिश्ता तलाश रहा था। इसी दौरान सिडकुल क्षेत्र में उनकी मुलाकात पंकज गिरी नाम के व्यक्ति से हुई। आरोप है कि पंकज ने उन्हें अपनी सास गीता देवी और रुकमिना से मिलवाया, जिसके बाद शादी की बात तय हुई।
शिकायत के अनुसार, 21 वर्षीय रुकमिना की 22 सितंबर को युवक से शादी कराई गई। सिडकुल क्षेत्र स्थित एक मकान में वरमाला की रस्म के बाद सभी लोग दूल्हे के घर पहुंचे। आरोप है कि उसी दिन रुकमिना ने बीमारी का बहाना बनाकर पति से अलग सोने की बात कही।
अगले दिन मौका पाकर रुकमिना ने चाय में कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिलाकर पति को पिला दिया। इसके बाद युवक बेहोश हो गया। सुबह जब उसकी आंख खुली तो घर से करीब 70 हजार रुपये की नकदी और कई मोबाइल फोन गायब मिले। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की तो रुकमिना के बारे में जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने रुकमिना निवासी मिर्जापुर, शामली (उत्तर प्रदेश) के साथ अब्दुल बारी, रागिनी पाल, पुनीत कुमार और राजस्थान के भरतपुर निवासी फतेह सिंह मीना को गिरफ्तार किया है।
बहादराबाद कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि मामले में दो महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने शादी के नाम पर इससे पहले किसी अन्य व्यक्ति को भी ठगी का शिकार बनाया है या नहीं। सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय में पेश करने की तैयारी है।




