उत्तराखण्ड

वन विभाग की सख्ती, पौड़ी में जंगल में आग लगाते दो लोग पकड़े गए, भेजा जेल

पौड़ी गढ़वाल: पौड़ी गढ़वाल में जंगलों में आग लगाने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। वन विभाग सिविल एवं सोयम की टीम ने कल्जीखाल क्षेत्र में दोनों आरोपियों को जंगल में आग लगाते हुए रंगे हाथ पकड़ा। मंगलवार को दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया, जिसके बाद बुधवार को उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

डीएफओ सिविल एवं सोयम पवन नेगी ने बताया कि इन दिनों जिले के कई क्षेत्रों में जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। विभाग की टीमें प्रभावित इलाकों में पहुंचकर आग बुझाने में जुटी हैं और जंगलों की लगातार निगरानी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि कल्जीखाल क्षेत्र में गश्त के दौरान टीम ने दो लोगों को जंगल में आग लगाते हुए पकड़ा। पूछताछ के बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन कुमार सिंह पुत्र जगत सिंह (38 वर्ष) निवासी ग्राम फल्दा, पट्टी पटवालस्यूं और महेंद्र सिंह पुत्र गोविंद सिंह (56 वर्ष) निवासी ग्राम फल्दा, पट्टी पटवालस्यूं, पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है।

वन विभाग के अनुसार जंगलों में लगने वाली आग से बहुमूल्य वन संपदा को भारी नुकसान पहुंच रहा है। आग की वजह से वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास भी प्रभावित हो रहा है। कई बार जंगली जानवर आबादी वाले इलाकों की ओर रुख कर लेते हैं, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष का खतरा बढ़ जाता है।

जंगलों से उठने वाला धुआं पर्यावरण के साथ-साथ लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर डाल रहा है। धुएं के कारण सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ रही हैं।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगलों में आग लगने की घटनाओं को रोकने में सहयोग करें। यदि कहीं आग लगती दिखाई दे या कोई व्यक्ति जंगल में आग लगाता नजर आए तो इसकी सूचना तुरंत वन विभाग या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आग पर काबू पाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button