आरटीओ इंस्पेक्टर पर रिश्वतखोरी का आरोप, लोगों ने दुकान में किया बंद; वीडियो वायरल

देहरादून। हर्रावाला क्षेत्र में परिवहन विभाग के एक इंस्पेक्टर पर ट्रांसपोर्ट कारोबारियों से हर महीने रिश्वत लेने का गंभीर आरोप लगा है। सोमवार को कथित तौर पर वसूली के लिए पहुंचे इंस्पेक्टर को स्थानीय लोगों ने पकड़कर दुकान के शटर के अंदर बंद कर दिया और करीब दो घंटे तक बंधक बनाए रखा।
इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें इंस्पेक्टर दुकान के अंदर बैठा हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित आरटीओ इंस्पेक्टर लंबे समय से क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट कारोबारियों से हर महीने अवैध वसूली कर रहा था। उनका कहना है कि यह सिलसिला पिछले कई वर्षों से चल रहा था।
सोमवार को जब इंस्पेक्टर कथित रूप से वसूली के लिए पहुंचा, तो लोगों ने उसे पकड़ लिया और दुकान का शटर गिराकर अंदर बंद कर दिया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। करीब दो घंटे बाद उसे शटर से बाहर निकाला गया, लेकिन लोगों का आक्रोश कम नहीं हुआ।
इसी बीच लोगों ने एक पोस्टर भी लगाया, जिसमें लिखा था— “मैं देहरादून आरटीओ हूं, बिना पैसे लिए गाड़ियां नहीं चलने दूंगा।”
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए आरटीओ प्रशासन संदीप सैनी ने बताया कि परिवहन सचिव ने इंस्पेक्टर को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मंगलवार को इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।




