उत्तराखण्ड

झबरेड़ा में प्रेम प्रसंग को लेकर डबल मर्डर, भाई पर बहन और उसके प्रेमी की गोली मारकर हत्या का आरोप

रुड़की। हरिद्वार जिले के झबरेड़ा थाना क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर दो लोगों की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने अपनी 23 वर्षीय बहन और उसके 20 वर्षीय प्रेमी सूरज को गोली मार दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, झबरेड़ी कलां निवासी अमन पुत्र रामकुमार कश्यप अपनी बहन और पड़ोस में रहने वाले सूरज के प्रेम प्रसंग से नाराज था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते अमन ने पहले पड़ोस में रहने वाले सूरज को गोली मारी और इसके बाद घर जाकर अपनी बहन को भी गोली मार दी। वारदात के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही झबरेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल भेज दिया है।

दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलने पर एसपी देहात अभय सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से वारदात की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में वारदात की वजह प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद माना जा रहा है। हालांकि, घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसका पता पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है।

झबरेड़ा कोतवाली प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर वारदात की वजह प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद सामने आ रहा है। पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button