उत्तराखण्ड

चचेरे साले से मारपीट और अपहरण का आरोप, अनुराग डोभाल समेत चार जेल भेजे गए

देहरादून। बिग बॉस फेम और यूट्यूबर अनुराग डोभाल को देहरादून पुलिस ने एक बार फिर गिरफ्तार किया है। नेहरू कॉलोनी थाने में दर्ज चचेरे साले के अपहरण और मारपीट के मामले में पुलिस ने अनुराग डोभाल समेत चार आरोपियों को आठ अक्टूबर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, बंजारावाला निवासी राज सिंह चौहान ने छह अक्टूबर को नेहरू कॉलोनी थाने में तहरीर दी थी। आरोप है कि पांच अक्टूबर की रात अनुराग डोभाल और उसके साथियों ने राज सिंह को बातचीत के बहाने हरिद्वार बाईपास रोड पर बुलाया और जबरन कार में बैठाकर उसके साथ मारपीट की।

राज सिंह चौहान ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया कि बातचीत के दौरान अनुराग डोभाल ने पीछे से उसका गला दबाया और मोबाइल छीनने का प्रयास किया। मोबाइल नहीं छीन पाने पर आरोपियों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की। पीड़ित ने लोहे की वस्तु से सिर, छाती और मुंह पर हमला करने, चाकू और बंदूक दिखाकर धमकाने तथा जान से मारने की धमकी देने के भी आरोप लगाए हैं।

पीड़ित के अनुसार, मारपीट के दौरान उसकी घड़ी और सोने की चेन भी ले ली गई। राज सिंह ने पुलिस को यह भी बताया कि अनुराग डोभाल की पत्नी रितिका डोभाल उसकी चचेरी बहन हैं और दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा है। इसी विवाद को लेकर बातचीत के लिए उसे बुलाया गया था। पीड़ित का आरोप है कि घटना के दौरान उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने शुरुआत में बीएनएस की धारा 117(2), 191(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया। विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर मामले में धारा 140(1) और 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

थाना नेहरू कॉलोनी प्रभारी देवेंद्र चौहान के मुताबिक, एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सुद्धोवाला-प्रेमनगर क्षेत्र से अनुराग डोभाल, अभिषेक, अभय चौधरी और कुर्बान को गिरफ्तार किया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

इससे पहले पांच अक्टूबर की रात भी पुलिस ने अनुराग डोभाल और उसके साथियों को हरिद्वार बाईपास रोड स्थित नेक्सा शोरूम के पास मारपीट के मामले में हिरासत में लिया था। पुलिस के अनुसार, मौके पर राज सिंह चौहान के साथ मारपीट की जा रही थी। दोनों पक्षों को बायपास पुलिस चौकी लाया गया, जहां दोबारा विवाद की स्थिति बनने पर पुलिस ने चारों को बीएनएसएस की धारा 170 के तहत हिरासत में लिया था। घायल राज सिंह चौहान को मेडिकल परीक्षण के लिए दून अस्पताल भेजा गया था। उस मामले में बाद में अनुराग डोभाल और उसके साथियों को जमानत मिल गई थी।

अब राज सिंह चौहान की तहरीर पर दर्ज अपहरण और मारपीट के मामले में पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button