उत्तराखण्ड

उत्तराखंड शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, माध्यमिक-प्राथमिक शिक्षा को मिले नए प्रभारी निदेशक

देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने विद्यालयी शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वार्षिक स्थानांतरण सत्र-2026 के तहत शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। शासन के आदेश के बाद माध्यमिक और प्रारंभिक शिक्षा समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

 

इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

 

30 जून को जारी शासनादेश के अनुसार विनोद प्रसाद सेमल्टी को माध्यमिक शिक्षा निदेशालय का प्रभारी निदेशक नियुक्त किया गया है। वहीं केएस रावत को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ प्रभारी निदेशक (प्रारंभिक शिक्षा) और अपर परियोजना निदेशक (समग्र शिक्षा) की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।

 

इसके अलावा विनोद कुमार ढौंडियाल को उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर का प्रभारी सचिव बनाया गया है। वहीं गोविन्द राम जायसवाल को जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) के साथ प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी, देहरादून का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

 

इसी क्रम में रणजीत सिंह नेगी को जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक), नैनीताल नियुक्त किया गया है। उन्हें प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी, नैनीताल तथा लोक सेवा अधिकरण, नैनीताल में नोडल अधिकारी की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है।

 

शिक्षा मंत्री ने जताई उम्मीद

 

विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि अनुभवी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दिए जाने से शिक्षा विभाग के प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि इससे विभागीय समन्वय मजबूत होगा और प्रदेश के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों को नई दिशा मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button