Crime Newsउत्तराखण्डदेहरादून

देहरादून में तेज रफ्तार डंपर का कहर, राहगीर की मौके पर मौत; कांवली रोड पर हंगामा और जाम

देहरादून | बुधवार सुबह देहरादून में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। कांवली रोड पर सिद्धार्थ प्रोजेक्ट के पास ढलान पर बजरी से भरे एक बेकाबू डंपर ने करीब 40 वर्षीय राहगीर को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर बल्लूपुर चौक की ओर से आ रहा था। ढलान होने के बावजूद वाहन की रफ्तार तेज थी और चालक ने नियंत्रण खो दिया। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े युवक को डंपर ने रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद डंपर सड़क किनारे टकराकर रुक गया, जबकि चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

मृतक की पहचान सतेंद्र साहनी के रूप में हुई है। उनके भतीजे जितेंद्र साहनी ने शव की शिनाख्त की।

लोगों का गुस्सा फूटा, डेढ़ घंटे जाम

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और कांवली रोड पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने टायर और लकड़ियां जलाकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया, जिससे करीब डेढ़ घंटे तक यातायात ठप रहा। इस दौरान कुछ लोगों ने डंपर के शीशे भी तोड़ दिए।

पुलिस मौके पर, चालक की तलाश

हंगामे की सूचना पर शहर कोतवाल हरिओम राज चौहान समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पुष्टि की कि डंपर की चपेट में आने से व्यक्ति की मौके पर ही मौत हुई है और चालक फरार है। उसकी तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

पुलिस आक्रोशित लोगों को समझाकर जाम खुलवाने में जुटी रही। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button