उत्तराखण्ड

14 लाख की लूट में शामिल सात आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किए 3.02 लाख रुपये

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई 14 लाख रुपये की लूट के मामले में दून पुलिस ने फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों को रुद्रप्रयाग जिले के गुप्तकाशी से दबोचा। आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम के 82 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। इस मामले में पुलिस अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनके पास से कुल 3.02 लाख रुपये की बरामदगी हुई है।

पुलिस के अनुसार, सात नवंबर 2026 को राजेश कुमार सोनी निवासी हरिपुर कलां, मोतीचूर ने कोतवाली पटेलनगर में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि वह प्लॉट के सौदे के सिलसिले में 14 लाख रुपये लेकर जा रहे थे। इसी दौरान इंद्रेश अस्पताल के पास कुछ युवकों ने उन्हें और उनके साथियों दिनेश तिवारी, ओमकार व गुरविंदर के साथ मारपीट की और रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।

मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए नौ नवंबर को तीन आरोपियों सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से लूट के 1.50 लाख रुपये बरामद हुए थे। इसके बाद 10 नवंबर को कर्ण यादव और सोहेल अख्तर उर्फ साहिल उर्फ सल्लू को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

सर्विलांस की मदद से गुप्तकाशी पहुंचे आरोपी

घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। सुरागरसी-पतारसी और सर्विलांस की मदद से पुलिस को फरार आरोपियों के गुप्तकाशी में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने 10 नवंबर 2026 को सिद्धांत बड़ौनी और दीपक सिंह शेखावत को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिद्धांत बड़ौनी (24) निवासी खुड़बुड़ा मोहल्ला, पटेलनगर और दीपक सिंह शेखावत (25) निवासी एमडीडीए कॉलोनी, लक्ष्मण चौक, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सिद्धांत के कब्जे से 40 हजार रुपये और दीपक से 42 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों और पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button