उत्तराखण्ड

आम के बाग में गोकशी की तैयारी पर पुलिस का छापा, फायरिंग के बाद आरोपी गिरफ्तार

रुड़की। हरिद्वार जिले के भगवानपुर क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और गो-तस्करी के आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उसके फरार साथी की तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी की पहचान छोटू पुत्र संसार उर्फ शमशाद, निवासी ग्राम हलजोरा, थाना भगवानपुर, उम्र करीब 36 वर्ष के रूप में हुई है। उस पर गो-तस्करी और गोकशी से जुड़ी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।

आम के बाग में गोकशी की तैयारी की सूचना

जानकारी के मुताबिक, 10 नवंबर की देर रात भगवानपुर कोतवाली पुलिस क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सिकरोड़ा गांव के पास स्थित एक आम के बाग में गोकशी की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी छोटू अपने साथी कालू के आने का इंतजार कर रहा था। दोनों की गोकशी की घटना को अंजाम देने की योजना थी। इसी दौरान पुलिस टीम का आरोपी से आमना-सामना हो गया।

पुलिस पर फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि आरोपी ने मौके से भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया और उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया।

फरार साथी कालू की तलाश में जुटी पुलिस

घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी के फरार साथी कालू की तलाश के लिए टीमें गठित की हैं। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास, उसके नेटवर्क और मामले में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि पुलिस की कार्रवाई में गो-तस्करी के आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास, फरार साथी कालू और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button