बागेश्वर में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, उरेडा अधिकारी 40 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

बागेश्वर: उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की कार्रवाई लगातार जारी है। ताजा मामला बागेश्वर जिले से सामने आया है, जहां सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) के एक परियोजना अधिकारी को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया।
चार फाइलों के लिए मांगी थी 40 हजार रुपये की रिश्वत
विजिलेंस के अनुसार, एक शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान में शिकायत दर्ज कराई थी कि उरेडा कार्यालय में सोलर प्लांटों की संयुक्त निरीक्षण रिपोर्ट (JIR) लंबे समय से लंबित है। आरोप था कि परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल प्रत्येक फाइल के लिए 10 से 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी चार फाइलें लंबित थीं, जिनके निस्तारण के लिए कुल 40 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। रिश्वत देने के बजाय उसने मामले की शिकायत विजिलेंस से कर दी।
जांच के बाद बिछाया जाल, रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने मामले का सत्यापन कराया। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में ट्रैप टीम का गठन किया गया।
24 जुलाई को विजिलेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी धीरेंद्र सिंह पटवाल, निवासी रामनगर (जनपद नैनीताल), को शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
उरेडा में परियोजना अधिकारी है आरोपी
आरोपी धीरेंद्र सिंह पटवाल वर्तमान में उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) बागेश्वर में परियोजना अधिकारी के पद पर तैनात है। गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की विवेचना जारी है। साथ ही आरोपी की आय और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
भ्रष्टाचार की शिकायत करें: विजिलेंस
सतर्कता निदेशक वी. मुरुगेशन ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी या अधिकारी किसी कार्य के बदले रिश्वत मांगता है, तो उसकी शिकायत सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9456592300 पर करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।




