हरिद्वार विधानसभा सीट पर भाजपा में टिकट की दावेदारी तेज, 9 नेताओं ने पेश किया दावा

हरिद्वार। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा के भीतर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। चुनाव में अभी समय बाकी है, लेकिन टिकट की दावेदारी को लेकर नेताओं ने अभी से अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। हरिद्वार की डामकोठी में भाजपा के पूर्व सांसद एवं चुनाव पर्यवेक्षक नरेश बंसल ने विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान संभावित प्रत्याशियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों का फीडबैक लिया गया।
बैठक के दौरान कई नेताओं ने हरिद्वार विधानसभा सीट से टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश की और नरेश बंसल को बायोडाटा भी सौंपा। पूर्व मेयर मनोज गर्ग, डॉ. विशाल गर्ग, कन्हैया खेवड़िया, उज्ज्वल पंडित, दर्जाधारी राज्यमंत्री नितिन गौतम, अनिल अरोड़ा और संजय सहगल समेत कई नाम दावेदारों की सूची में सामने आए। सात नेताओं ने नरेश बंसल के सामने उपस्थित होकर अपनी दावेदारी रखी। वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा पहले ही अपनी इच्छा जता चुके हैं, जबकि मौजूदा विधायक एवं कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक भी इस सीट के प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। दोनों ने पर्यवेक्षक को बायोडाटा नहीं सौंपा। इस तरह कुल नौ नेताओं की दावेदारी चर्चा में है।
कन्हैया खेवड़िया समर्थकों के साथ पहुंचे, किया शक्ति प्रदर्शन
दावेदारी के दौरान भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कन्हैया खेवड़िया की मौजूदगी सबसे अधिक चर्चा में रही। वह समर्थकों के साथ डामकोठी पहुंचे और पर्यवेक्षक नरेश बंसल को अपना बायोडाटा सौंपा। उन्होंने संगठन में लंबे समय से किए जा रहे कार्यों और क्षेत्र में अपनी राजनीतिक सक्रियता का ब्यौरा भी रखा। समर्थकों की मौजूदगी के जरिए उन्होंने पार्टी नेतृत्व के सामने अपनी दावेदारी को मजबूती से रखने की कोशिश की।
मनोज गर्ग ने हरिद्वार और रानीपुर दोनों सीटों से मांगा टिकट
भाजपा के पूर्व मेयर मनोज गर्ग ने आगामी विधानसभा चुनाव में हरिद्वार के साथ रानीपुर सीट से भी चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। उन्होंने पर्यवेक्षक नरेश बंसल के सामने दोनों विधानसभा क्षेत्रों से अपनी दावेदारी रखी। मनोज गर्ग ने कहा कि मेयर रहते हुए जिन योजनाओं को वह धरातल पर नहीं उतार पाए, उन्हें विधायक बनने पर क्रियान्वित करना चाहते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी जिसे भी टिकट देगी, वह उसके साथ खड़े नजर आएंगे।
तीर्थ पुरोहित समाज से जुड़े नेताओं की दावेदारी भी चर्चा में
हरिद्वार विधानसभा सीट से टिकट मांगने वालों में तीर्थ पुरोहित समाज से जुड़े कई नेताओं के नाम भी सामने आए हैं। इनमें उज्ज्वल पंडित, दर्जाधारी राज्यमंत्री नितिन गौतम और कन्हैया खेवड़िया शामिल हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा भी इसी समाज से जुड़े हैं और पहले अपनी दावेदारी जता चुके हैं। ऐसे में इस समाज से जुड़े नेताओं की सक्रियता भी टिकट चयन को लेकर चर्चा का विषय बनी हुई है।
राम मुनि महाराज ने हरिद्वार ग्रामीण सीट से मांगा टिकट
हरिद्वार विधानसभा सीट पर दावेदारी के बीच संत समाज से भी चुनाव लड़ने की इच्छा सामने आई है। महामंडलेश्वर राम मुनि महाराज ने हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की दावेदारी पेश की है। उन्होंने पर्यवेक्षक नरेश बंसल से संपर्क कर अपनी इच्छा जताई।
राम मुनि महाराज ने बताया कि उनके गुरु जगदीश मुनि महाराज पूर्व में दो बार हरिद्वार से विधायक रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि गुरु के बताए मार्ग पर चलते हुए वह हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा सीट से मजबूती के साथ चुनाव लड़ेंगे और जीत हासिल करेंगे।
संगठन की स्थिति और संभावित प्रत्याशियों पर हुआ मंथन
बैठक में पर्यवेक्षक नरेश बंसल ने नेताओं और कार्यकर्ताओं से विधानसभा क्षेत्र में संगठन की स्थिति, पार्टी नेताओं की सक्रियता और पिछले विधानसभा चुनावों के प्रदर्शन को लेकर चर्चा की। इसके साथ ही आगामी चुनाव में पार्टी किन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा सकती है और क्षेत्र में किन संभावित प्रत्याशियों की पकड़ बेहतर है, इसकी भी जानकारी ली गई।
नरेश बंसल ने कहा कि भाजपा चुनावी मोड में आ गई है और प्रदेश की हर विधानसभा सीट पर बैठक कर चुनावी स्थिति का विश्लेषण किया जा रहा है। हरिद्वार विधानसभा सीट पर कई नेताओं ने दावेदारी पेश की है, जो लोकतंत्र में सबका अधिकार है। इस पर पार्टी स्तर पर मंथन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा इस बार पूरे प्रदेश में बेहतर प्रदर्शन करेगी और तीसरी बार सरकार बनाएगी।




