धामी कैबिनेट की आज अहम बैठक, उपनल कर्मचारियों, MBBS बॉन्ड और मानसून सत्र पर हो सकते हैं बड़े फैसले

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में होने वाली कैबिनेट बैठक कई अहम फैसलों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दोपहर 12:30 बजे से शुरू होने वाली बैठक में आगामी विधानसभा मानसून सत्र की तिथि और स्थान तय किए जाने के साथ-साथ विभिन्न विभागों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा और मंजूरी की संभावना है।
बैठक में सबसे अहम मुद्दों में उपनल कर्मचारियों को ‘समान कार्य के लिए समान वेतन’ का लाभ देने का प्रस्ताव शामिल है। कैबिनेट की उप समिति पहले ही अपनी रिपोर्ट सौंप चुकी है, जिसमें 1 मार्च 2026 से इस व्यवस्था को लागू करने और 15 अक्टूबर 2024 तक नियुक्त करीब 22 हजार उपनल कर्मचारियों को इसका लाभ देने की सिफारिश की गई है। माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल इस प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लगा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग का एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी कैबिनेट के एजेंडे में शामिल हो सकता है। प्रस्ताव के अनुसार, राजकीय मेडिकल कॉलेजों से एमबीबीएस करने वाले छात्रों को पोस्ट ग्रेजुएशन में प्रवेश लेने से पहले पर्वतीय क्षेत्रों में कम से कम तीन वर्ष तक अनिवार्य सेवा देनी होगी। सरकार का मानना है कि इससे पहाड़ी क्षेत्रों में डॉक्टरों की कमी दूर करने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा प्रदेश के संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण का मुद्दा भी कैबिनेट में उठ सकता है। यदि इस पर चर्चा होती है तो हजारों संविदा कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
कैबिनेट बैठक में लिए जाने वाले फैसलों पर प्रदेशभर की निगाहें टिकी हैं, क्योंकि इनका असर सरकारी कर्मचारियों, स्वास्थ्य सेवाओं और आगामी विधानसभा मानसून सत्र की तैयारियों पर पड़ सकता है।




