उत्तराखण्ड

दूल्हे को शादी में पिस्टल से फायरिंग करना पड़ा भारी, सोशल मीडिया वीडियो ने पहुंचाया थाने

हरिद्वार। अपने ही शादी समारोह में लाइसेंसी पिस्टल से खुलेआम फायरिंग करना और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करना दूल्हे को भारी पड़ गया। वीडियो सामने आने के बाद कनखल पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच के बाद फायरिंग करने वाले दूल्हे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।

पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक वाटिका फार्म में आयोजित शादी समारोह के दौरान दूल्हा पिस्टल से फायरिंग करता दिखाई दे रहा था। वीडियो के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में फायरिंग करने वाले युवक की पहचान योगेश कुमार निवासी टांडा मेहतौली, सुल्तानपुर, थाना लक्सर के रूप में हुई।

बताया गया कि 26 जुलाई को लक्सर रोड स्थित एक वाटिका फार्म में योगेश कुमार की शादी की पार्टी आयोजित की गई थी। आरोप है कि समारोह के दौरान योगेश ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से बिना अनुमति कई राउंड फायर किए। फायरिंग का वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि वायरल वीडियो का पुलिस ने संज्ञान लिया था। जांच में वीडियो में फायरिंग करने वाले युवक की पहचान योगेश कुमार के रूप में हुई और शादी समारोह में लाइसेंसी पिस्टल से बिना अनुमति फायरिंग किए जाने की पुष्टि हुई। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 30 आयुध अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक शादी समारोह या सार्वजनिक आयोजनों में लाइसेंसी हथियार से इस तरह फायरिंग करना नियमों का उल्लंघन है। हालांकि इस घटना में गोलियां आसमान की ओर चलाई गईं और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की है।

पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर रौब दिखाने के लिए हथियारों के साथ वीडियो बनाना और सार्वजनिक स्थानों पर फायरिंग करना कानूनन परेशानी खड़ी कर सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button