एटीएस हेवनली फूटहिल्स कॉलोनी विवाद में चार पर एफआईआर, कोर्ट के आदेश के बाद बढ़ी कानूनी कार्रवाई

देहरादून: राजधानी के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित ATS Heavenly Foothills Colony में चल रहा कॉलोनी विवाद अब कानूनी लड़ाई में बदल गया है। बिल्डर पुनीत अग्रवाल की शिकायत पर सीनियर साइंटिस्ट बताए जा रहे परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।



इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
रायपुर थाने में दर्ज एफआईआर में अनिरुद्ध शर्मा, ईश्वर प्रसाद शर्मा, श्रीमती हेमाशिखा और श्रीमती सरोज को नामजद किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 333, 115(2), 351(2), 352 और 74 के तहत मामला दर्ज किया है।
शिकायत के अनुसार, 13 अप्रैल 2026 को कॉलोनी परिसर में पौधों को हटाने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गया।
जबरन घुसकर हमले का आरोप
बिल्डर पुनीत अग्रवाल का आरोप है कि आरोपियों ने जबरन कब्जे की बात कहते हुए उनके घर में घुसकर हमला किया। एफआईआर में उल्लेख है कि स्तुति अग्रवाल के पति का गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की गई। बीच-बचाव के बाद स्थिति को काबू में लाया गया।
शिकायत में महिला के साथ अभद्रता और शीलभंग के प्रयास जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। बताया गया है कि स्तुति अग्रवाल ने पहले रायपुर थाने और बाद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायत भेजी थी, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया।
कोर्ट के आदेश के बाद दर्ज हुई एफआईआर
सूत्रों के अनुसार, कोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि आदेश प्राप्त होने की तिथि से सात दिन के भीतर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जाए। इसके बाद रायपुर थाने में मुकदमा पंजीकृत किया गया।
जांच अधिकारी के रूप में उपनिरीक्षक नीमा को नामित किया गया है।
गिरफ्तारी की आशंका, परिवार फरार
सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तारी की आशंका के चलते नामजद परिवार के सदस्य फिलहाल घर पर मौजूद नहीं हैं। वहीं, दूसरी ओर अनिरुद्ध शर्मा द्वारा बिल्डर पुनीत अग्रवाल पर लगाए गए आरोपों की जांच अभी पूरी नहीं हुई थी कि पुनीत अग्रवाल ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाते हुए अपने परिवार की सुरक्षा और न्याय की मांग की।
सुरक्षा की मांग
बिल्डर की पत्नी ने भी पुलिस से पति की सुरक्षा की मांग की है। उनका आरोप है कि कॉलोनी में विवाद की स्थिति गंभीर है और भविष्य में किसी अनहोनी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
एटीएस कॉलोनी से जुड़ा यह विवाद पहले भी चर्चा में रहा है। अब एफआईआर दर्ज होने के बाद कॉलोनी में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




