उत्तराखण्डशिक्षा

उत्तराखंड में रद्द हुई भर्ती परीक्षा की नई तारीख घोषित, जानिए होगा एग्जाम !

उत्तराखंड: पेपर लीक प्रकरण के चलते रद्द की गई स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को लेकर उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने नई तिथि घोषित कर दी है। अब यह परीक्षा 17 मई को आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही तकनीकी पदों की भर्ती परीक्षा तीन मई को कराई जाएगी।

अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल के अनुसार, 21 सितंबर 2025 को स्नातक स्तर के विभिन्न पदों—जैसे पटवारी, लेखपाल, ग्राम विकास अधिकारी सहित अन्य पदों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। इस दौरान एक परीक्षा केंद्र पर नकल का मामला सामने आने के बाद आयोग ने पूरी परीक्षा को निरस्त कर दिया था।

अब आयोग ने दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लेते हुए 17 मई की नई तिथि तय की है। इसके अलावा विभिन्न विभागों में तकनीकी अर्हता वाले 18 प्रकार के पदों की भर्ती परीक्षा तीन मई को आयोजित की जाएगी। इन तकनीकी पदों के लिए कुल 5872 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। आयोग की ओर से इन परीक्षाओं को आधुनिक तरीके से टैब के माध्यम से आयोजित किया जाएगा।

गौरतलब है कि पेपर लीक मामले के बाद प्रदेशभर में युवाओं में भारी आक्रोश देखने को मिला था। अभ्यर्थियों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग उठाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं प्रदर्शन कर रहे युवाओं के बीच पहुंचे थे और नकल प्रकरण की सीबीआई जांच की सिफारिश की थी।

अब नई परीक्षा तिथि घोषित होने के बाद अभ्यर्थियों को एक बार फिर तैयारी का मौका मिला है, जबकि आयोग की कोशिश है कि इस बार परीक्षा पूरी पारदर्शिता और सख्ती के साथ संपन्न कराई जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button